October 7, 2026

'कैब ड्राइवर-अमीर लड़की के प्यार की कहानी'..30 साल पहले आई थी वो फिल्म, जिसके सारे गाने हुए थे सुपरहिट

‘राजा हिंदुस्तानी’ के 8 गाने 90s में खूब लोकप्रिय हुए थे। ‘परदेसी परदेसी’ को पहले रिजेक्ट करने की नौबत आई, लेकिन हिट होने के बाद नदीम-श्रवण को दोगुनी फीस मिली।

90 के दशक की फिल्मों में कहानी के साथ-साथ गानों पर भी पूरा फोकस होता था। लोग मूवी देखने कई बार गानों की वजह से जाते थे। 1996 में आई आमिर खान और करिश्मा कपूर की ‘राजा हिंदुस्तानी’ भी ऐसी ही फिल्म थी। फिल्म के 8 गाने थे और सभी बेहद लोकप्रिय हुए। खास बात यह है कि इसके सबसे चर्चित गानों में शामिल ‘परदेसी परदेसी’ को शुरुआत में मेकर्स की तरफ से पसंद नहीं किया गया था। बाद में यही गाना फिल्म की पहचान बन गया।

30 साल बाद भी याद है ‘राजा हिंदुस्तानी’ का संगीत

धर्मेश दर्शन के निर्देशन में बनी ‘राजा हिंदुस्तानी’ में आमिर खान और करिश्मा कपूर मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म की कहानी एक कैब ड्राइवर राजा और अमीर परिवार की लड़की आरती की प्रेम कहानी पर बेस्ड थी। इस मूवी का संगीत नदीम-श्रवण ने तैयार किया था। जबकि गीतकार समीर थे। फिल्म के एल्बम में कुल 8 गाने शामिल थे। एल्बम में ‘आए हो मेरी जिंदगी में’ के मेल और फीमेल वर्जन, ‘कितना प्यारा तुझे रब ने बनाया’, ‘परदेसी परदेसी’ के अलग-अलग वर्जन, ‘पूछो जरा पूछो’ और ‘तेरे इश्क में नाचेंगे’ जैसे गाने शामिल थे।

‘परदेसी परदेसी’ को पहले नहीं मिली थी मंजूरी

इन सभी गानों में ‘परदेसी परदेसी’ ने अलग पहचान बनाई। लेकिन इस गाने की शुरुआत उतनी आसान नहीं थी। गीतकार समीर अनजान ने एक इंटरव्यू में इससे जुड़ा किस्सा बताया था। उनके मुताबिक, गाने में इस्तेमाल किए गए ‘परदेसी’ शब्द को लेकर प्रोड्यूसर खुश नहीं थे। उन्हें इस शब्द को लेकर आपत्ति थी और गाने को रिजेक्ट किए जाने की स्थिति बन गई थी। हालांकि, संगीतकार नदीम-श्रवण को अपनी धुन पर पूरा भरोसा था। उन्हें लगता था कि गाना दर्शकों को पसंद आएगा। आखिरकार इसे फिल्म में जगह मिली और रिलीज के बाद इसने जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की।

हिट हुआ तो दोगुनी फीस की रखी थी शर्त

‘परदेसी परदेसी’ से जुड़ा सबसे दिलचस्प किस्सा इसकी फीस का है। समीर अनजान के मुताबिक, नदीम-श्रवण ने प्रोड्यूसर के सामने शर्त रखी थी कि अगर गाना नहीं चला तो रिकॉर्डिंग का खर्च वे खुद उठाएंगे। लेकिन अगर गाना हिट हुआ तो उन्हें दोगुनी फीस देनी होगी। गाना रिलीज हुआ और दर्शकों के बीच छा गया। इसके बाद प्रोड्यूसर को अपनी शर्त पूरी करनी पड़ी और नदीम-श्रवण को डबल फीस दी गई।

एक ही गाने के कई वर्जन

‘परदेसी परदेसी’ की खासियत सिर्फ इसकी लोकप्रियता नहीं थी। इसके अलग-अलग वर्जन भी फिल्म के एल्बम का हिस्सा बने। उदित नारायण, अलका याग्निक और सपना अवस्थी की आवाज वाला वर्जन सबसे ज्यादा चर्चित हुआ। इसके अलावा कुमार सानू और अलका याग्निक का वर्जन और सुरेश वाडकर-बेला का सैड वर्जन भी एल्बम में शामिल था।

और पढ़ें: OTT Release This Week: 5 से 10 अक्टूबर के बीच लगेगा सस्पेंस और कॉमेडी का तड़का, देखें पूरी लिस्ट

YouTube video player

8 गानों में दिखा था 90s के संगीत का रंग

‘राजा हिंदुस्तानी’ के एल्बम में कई बड़े प्लेबैक सिंगर्स की आवाज सुनाई दी। अलका याग्निक, उदित नारायण, कुमार सानू, सपना अवस्थी, सुरेश वाडकर, बेला, अलिशा चिनॉय और सपना मुखर्जी जैसे गायकों ने इसके गानों को अपनी आवाज दी। ‘आए हो मेरी जिंदगी में’ और ‘कितना प्यारा तुझे रब ने बनाया’ जैसे रोमांटिक गाने हों या ‘तेरे इश्क में नाचेंगे’ जैसा जोशीला ट्रैक, एल्बम ने 90s के संगीत प्रेमियों को खूब पसंद आया।

और पढ़ें: काम को तरस रही शाहरुख़-सलमान-आमिर खान की को-एक्ट्रेस, 70 की उम्र में लगाई यह गुहार!