फतेहाबाद जिले के कुलां क्षेत्र के गांव पोखरी और सलेमपुरी में पिछले 3 दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप होने से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए ग्रामीणों ने गांव नलका ढाणी के पास कुलां-टोहाना मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया।
.
इस दौरान पुरुषों के साथ महिलाएं भी सड़क पर दरी बिछाकर धरने पर बैठ गईं। उन्होंने सड़क पर ट्रैक्टर खड़े कर दोनों तरफ से रास्ता बंद कर दिया। बारिश के बीच भी ग्रामीणों का प्रदर्शन लगातार जारी रहा, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हुई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम के दौरान बाइक सवार को रोकते हुए ग्रामीण।
एसडीओ के आश्वासन के बाद धरना खत्म किया
सूचना मिलने पर पुलिस और विद्युत निगम के एसडीओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन दिया। एसडीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब साढ़े 3 घंटे बाद अपना धरना समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों, जिनमें भूपेंद्र कौर, हरप्रीत कौर, पलविंद्र, रमन कौर, अमन कौर, वीरपाल कौर, जोगिन्द्र कौर, जागराज सिंह, गुरमीत, बलदेव, अजय, रंजीत, राम सिंह और दारा सिंह ने बताया कि उनके गांव में बिजली आपूर्ति गुलरवाला बिजली घर से होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि 4 दिन पहले बिजली लाइन में खराबी आने के कारण उनके घरों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई थी।

सड़क पर जाम लगाकर बैठी महिलाएं।
विद्युत सप्लाई नहीं होने से ग्रामीण परेशान
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बिजली घर में देने के साथ-साथ कई बार विद्युत निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया। उनका आरोप है कि निगम ने खानापूर्ति करते हुए घरेलू बिजली को कृषि फीडर लाइन से जोड़ दिया, लेकिन यह बिजली पर्याप्त नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, दिन में 8 घंटे बिजली आने के बाद पूरी रात विद्युत सप्लाई ठप रहती है, जिससे उन्हें गंभीर परेशानी हो रही है और अधिकारी कोई स्थायी समाधान नहीं कर रहे हैं।
पोल टूटने के कारण लाइन में खराबी आई- एसडीओ
बिजली निगम टोहाना के एसडीओ गौरव यादव ने बताया की बिजली का पोल टूटने के कारण लाइन में खराबी आई थी। इस दौरान एक केबल बॉक्स भी क्षतिग्रस्त हो गया था। श्रमिकों की कमी के कारण मरम्मत कार्य में कुछ विलंब हुआ है। हालांकि, निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत लोड को दूसरी लाइन पर स्थानांतरित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी थी।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों को बिजली दुरुस्त न करने को लेकर कुछ गलतफहमी हुई थी, ऐसी कोई बात नहीं है। बिजली व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने के लिए टीम को मौके पर लगा दिया गया है और जल्द ही गांव में बिजली आपूर्ति नियमित रूप से सुचारू कर दी जाएगी।