
गुल फिरोजा पर ICC ने जुर्माना लगाया हैImage Credit source: Getty Images
Women’s Asia Cup 2026: पाकिस्तान क्रिकेट का खराब दौर खत्म होने को तैयार नहीं है. एक तरफ इंग्लैंड में बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान मेंस क्रिकेट टीम बार-बार हार रही है और विवादों में फंसी है. वहीं UAE में चल रहे विमेंस एशिया कप में पाकिस्तानी महिला टीम का प्रदर्शन भी कोई खास नहीं रहा है. भारत के खिलाफ तो ये टीम सिर्फ 55 रन पर ढेर हो गई थी. मगर सिर्फ इतना ही नहीं, कुछ खिलाड़ी ICC के नियमों का उल्लंघन भी कर रहे हैं, जिसके चलते उन्हें सजा मिल रही है. टीम की अनुभवी बल्लेबाज गुल फिरोजा को ऐसी ही सजा मिली है.
3 मैच में 3 रन और फिर ऐसी हरकत
हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच में पाकिस्तान ने 72 रन से जीत दर्ज की. इस जीत के साथ पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की. मगर जहां टीम की इस जीत में कुछ खिलाड़ियों ने दमदार योगदान दिया, वहीं गुल फिरोजा एक बार फिर फ्लॉप रहीं. ग्रुप स्टेज के पिछले दोनों मैच में गुल फिरोजा अपना खाता भी नहीं खोल सकी थीं, जिसमें भारत के खिलाफ मैच भी शामिल था.
हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ गुल फिरोजा का खाता तो खुला लेकिन यहां भी वो 3 रन बनाकर ही आउट हो गईं. बल्ले से वो खुद तो कुछ नहीं कर सकीं लेकिन जैसे ही उन्हें LBW आउट दिया गया, उन्हें ये फैसला पसंद नहीं आया. उन्होंने अंपायर की ओर अपना बल्ला दिखाते हुए इशारा किया कि उनके बैट में गेंद लगी थी. अब वाकई में गेंद बैट पर लगी थी या नहीं ये तो साफ नहीं हुआ, मगर गुल फिरोजा को पवेलियन लौटना पड़ा. वहीं अंपायर के फैसले पर इस तरह से नाराजगी जताना ICC को रास नहीं आया क्योंकि ये आचार संहिता का उल्लंघन है.
फिरोजा पर ICC ने लगाया जुर्माना
ICC ने मैच के एक दिन बाद प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि पाकिस्तानी बल्लेबाज फिरोजा को कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.8 के तहत दोषी पाया गया है. इस आर्टिकल में अंपायर के फैसले पर असहमति जताने को कानून का उल्लंघन माना जाता है. ICC ने इसके तहत गुल फिरोजा पर जुर्माना लगाते हुए उनकी मैच फीस का 10 फीसदी हिस्सा काट दिया है. इसके अलावा उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है. फिरोजा लगातार दूसरी पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं, जिसे एशिया कप में सजा मिली है. इससे पिछले मैच में भारत के खिलाफ पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना को भी ऐसी ही सजा मिली थी.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More