September 24, 2026

बंगाल में ममता 3 बार CM रहीं, ओडिशा में 24 साल तक BJD सत्ता में थी... एंटी इनकम्बैंसी पर राहुल पर BJP का वार

बंगाल में ममता 3 बार CM रहीं, ओडिशा में 24 साल तक BJD सत्ता में थी… एंटी इनकम्बैंसी पर राहुल पर BJP का वार

बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर देश की सियासत गरमा गई है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगा है. उन्होंने यह भी कहा कि अब यहां एंटी इनकम्बैंसी कैसे काम नहीं करती? राहुल के हमले के बाद बीजेपी ने भी पलटवार किया और कहा कि एंटी इनकम्बैंसी की वजह से कांग्रेस को सत्ता के लाले पड़ गए हैं. बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में अन्य दल लंबे समय तक सत्ता में रहे हैं.

राहुल गांधी की पीसी खत्म होते ही बीजेपी की ओर से राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पार्टी और उसके नेता पर हमला बोल दिया. बीजेपी ने अपने हमले में कहा कि बिहार में 1990 के बाद से कभी कांग्रेस नहीं रही. यहां 3 बार लालू यादव की सरकार रही. 1999 के बाद से ओडिशा में कांग्रेस की सरकार नहीं रही है. यहां 24 साल तक बीजू जनता दल की सरकार रही. पश्चिम बंगाल में लगातार तीन बार ममता बनर्जी की सरकार रही. 1989 के बाद यूपी में जो गांधी परिवार का गृह राज्य था वहां भी कांग्रेस नहीं आई है. लेकिन शायद राहुल गांधी को यह पता नहीं है.

राहुल गांधी में राजनीतिक समझ की कमीः सुधांशु

बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “राहुल गांधी ने आपके सामने एक बार फिर एक PPT का प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि वह 50 सालों से राजनीति समझ रहे हैं लेकिन उनकी खुद की उम्र 56 साल ही है.वो कहते है कि पिछले 50 सालों से वह यह सब देख रहे हैं यानी 5-6 साल से ही वो सब जान रहे हैं. उनके राजनीतिक समझ की कमी है. ”

सुधांशु ने आगे कहा, “पश्चिम बंगाल में 1977 के बाद से कांग्रेस की सरकार नहीं आई है, बिहार में 1990 के बाद से कांग्रेस की सरकार नहीं आई है. राहुल गांधी को इसकी जानकारी ही नहीं है. जब से देश में पारदर्शी चुनाव हो गए हैं, CCTV कैमरे आए हैं और स्वतंत्र मीडिया और स्वतंत्र न्यायपालिका हो गई है तभी से इनके सत्ता में आने के लिए लाले पड़ गए हैं. राजनीतिक दृष्टि से राहुल गांधी का ज्ञान शून्य है.”

जो मीडिया रिपोर्ट आई उसका आधार क्याः सुधांशु

बीजेपी ने एंटी इनकम्बैंसी पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा, कांग्रेस में एंटी इनकंबेंसी गांधी परिवार के अंदर है. कांग्रेस के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी इतनी ज्यादा हो गई है कि वो बगैर किसी पार्टी के सहयोग से अपनी खानदानी सीट नहीं निकाल सकते. अमेठी और रायबरेली बिना सपा से समर्थन से नहीं जीत सकते.”

उन्होंने कहा, “एक न्यूज रिपोर्ट का हवाला दिया जा रहा है. लेकिन मैं एक सवाल करना चाह रहा हूं कि क्या उसमें कोई कोट है. एक भी ऐसी रिपोर्ट है जिसमें यह कहा गया हो कि फैसला सर्वसम्मति से न हुआ हो. जो रिपोर्ट सामने आई है उसका आधार क्या है. उसमें किसी भी चुनाव आयुक्त का कोई कोट नहीं है.”

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी पर बीजेपी नेता सुधांशु ने कहा कि 200 से अधिक सांसदों ने नवीन चावला को चुनाव आयुक्त के पद से हटाने की बात कही थी, लेकिन तब नहीं हटाया गया था. मेरा तो कहना था बिल्कुल लाये देश के सामने दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए.

आखिर बीजेपी चुनाव कैसे जीत रहीः राहुल गांधी

इससे पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी की लगातार जीत पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि बीजेपी आखिर लगातार कैसे चुनाव जीत जा रही है. एंटी इनकम्बैंसी का असर बीजेपी पर क्यों नहीं पड़ता है. उन्होंने यह भी कहा कि जहां तानाशाही वहां एंटी इनकम्बैंसी नहीं दिखती.

राहुल गांधी ने यह भी कहा, “मैं एक राजनीतिक परिवार से आता हूं और पिछले 50 सालों से राजनीति देख रहा हूं. कोई नेता इस देश में यह बात (कई सालों तक बीजेपी ही सरकार में रहेगी) नहीं कर सकता है. बीजेपी के खिलाफ विरोधी लहर न जाने कहां गायब हो गई है? इसका क्या कारण है? 2 दिन पहले इसका कारण 2 चुनाव आयुक्तों ने दे दिया था. भारत के वोट को खत्म कर दिया गया है.” उन्होंने आगे कहा कि यहां पर सत्ता विरोधी लहर भारतीय राजनीति का सच है. लेकिन अब यहां एंटी इनकम्बैंसी कैसे काम नहीं करती. हरियाणा और महाराष्ट्र में चुनाव प्रभावित हुए.

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा, “वोट चोरी हुई है तो जो कानून बनाए गए हैं, वे सभी अवैध कानून हैं. ज्ञानेश कुमार के ऊपर कंट्रोलर हैं. वे स्वयं काम नहीं कर रहे हैं.”

Amod Rai

Amod Rai

21 सालों से राजनीतिक, सामाजिक और पॉलिसी संबंधित विषयों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव। लगातार 2 दशक से बीजेपी, संघ परिवार, संसद और केंद्र सरकार की खबरों पर विशेष निगाह

Read More

google button