October 7, 2026

दिल्ली की फिर बिगड़ने लगी हवा, 3 सालों में इस बार अक्टूबर का पहला हफ्ता सबसे प्रदूषित

दिल्ली की फिर बिगड़ने लगी हवा, 3 सालों में इस बार अक्टूबर का पहला हफ्ता सबसे प्रदूषित

दिल्ली में हवा के स्तर में फिर से गिरावट (फाइल/pti)

अक्टूबर का महीना आते ही दिल्ली-एनसीआर की फिजा बिगड़ने लग जाती है, और यह सिलसिला पिछले कुछ सालों में तेजी से बढ़ा है. राष्ट्रीय राजधानी पिछले 3 सालों में अक्टूबर का पहला हफ्ता सबसे अधिक प्रदूषित शहर के रूप में रहा. इस साल औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 171 दर्ज किया गया, क्योंकि मॉनसून के जाने के बाद शहर की हवा की गुणवत्ता लगातार खराब होती गई.

‘सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर’ (CREA) के सरकारी डेटा के विश्लेषण के अनुसार, अक्टूबर के शुरुआती 7 दिनों में औसत AQI 171 रहा, जो 2023 के बाद सबसे अधिक है. इससे पहले साल 2023 में यह औसत आंकड़ा 176 था. इस साल अक्टूबर में AQI 1 तारीख को 166, 2 तारीख को 174, 3 तारीख को 171, 4 तारीख को 187, 5 तारीख को 184, 6 तारीख को 179 और बुधवार को 136 रहा, और इस तरह से पिछले 7 दिनों का औसत 171 दर्ज किया गया.

दिल्ली में 6 सालों में बढ़ता ही जा रहा AQI

पिछले 6 सालों में, अक्टूबर के शुरुआती 7 दिनों के लिए औसत AQI का स्तर 2021 में 112, 2022 में 141, 2023 में 176 तो 2024 में 155 और 2025 में 117 रहा और इस साल तो 171 तक पहुंच गया. इस 6 साल की अवधि में, साल 2023 के बाद अक्टूबर 2026 का पहला हफ्ता दूसरा सबसे अधिक प्रदूषित हफ्ते के रूप में रहा.

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मध्यम’, 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘बहुत खराब’ और 401-500 को ‘गंभीर’ माना जाता है. बोर्ड के डेटा के अनुसार, आज बुधवार को दिल्ली का AQI 136 था, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है.

अगले 3 दिन की हवा भी ‘मॉडरेट’

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम ने अगले 3 दिनों को लेकर यह अनुमान लगाया है कि 8 से 10 अक्टूबर के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता ‘मॉडरेट’ यानी सामान्य से थोड़ी खराब श्रेणी में रहने की संभावना है. 6,000 स्क्वायर मीटर प्रति सेकंड से कम वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किमी प्रति घंटे से कम औसत हवा की गति को प्रदूषकों के फैलने के लिए प्रतिकूल माना जाता है.

इंडियन एग्रीकल्चरल रिसर्च इंस्टीट्यूट (IARI) के आंकड़ों के अनुसार, आज बुधवार को पराली जलाने की करीब 70 घटनाएं दर्ज की गईं, इसमें से अकेले पंजाब में 15, उत्तर प्रदेश में 11, राजस्थान में 7 और मध्य प्रदेश में 37 घटनाएं शामिल हैं.

राजधानी का तापमान सामान्य से अधिक

दूसरी ओर, राजधानी के कई मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. सफदरजंग में अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया. इसी तरह पालम में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.6 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया.

दिल्ली के लोदी रोड पर अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक) और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया. वहीं रिज में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस यानी सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button