October 6, 2026

नमन धीर ने डेब्यू मैच में 3 विकेट लेकर रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले भारतीय स्पिनर

नमन धीर ने डेब्यू मैच में 3 विकेट लेकर रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले भारतीय स्पिनर

नमन धीर ने डेब्यू मैच में रचा इतिहास. (फोटो- PTI)

Naman Dhir vs West Indies: लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 मैच में युवा ऑलराउंडर नमन धीर ने गेंद से यादगार प्रदर्शन करते हुए इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले नमन धीर ने इस मुकाबले में अपनी कसी हुई ऑफ-स्पिन गेंदबाजी का ऐसा जादू चलाया कि कैरेबियाई बल्लेबाज चकमा खा गए. नमन धीर ने अपने 4 ओवर के कोटे में 31 रन देकर 3 विकेट झटके और वो इस पहले टी20 मुकाबले में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बनकर उभरे.

नमन धीर ने डेब्यू मैच में रचा इतिहास

नमन धीर ने इन 3 विकेट के साथ कई बड़े ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किए. भारतीय क्रिकेट के इतिहास में वो ऐसे पहले ऑफ-स्पिनर बन गए हैं जिन्होंने अपने टी20 डेब्यू मुकाबले में 3 विकेट हासिल किए. वहीं, इससे पहले किसी भी भारतीय स्पिनर ने भारत के घरेलू मैदान पर टी20 डेब्यू करते हुए 3 या उससे ज्यादा विकेट नहीं चटकाए थे. नमन धीर ने घरेलू पिचों पर डेब्यू करते हुए यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले स्पिनर बनने का गौरव पाया. उनकी इस घातक गेंदबाजी की बदौलत अच्छी शुरुआत के बावजूद वेस्टइंडीज की पूरी टीम 19.1 ओवर में 171 रनों पर ढेर हो गई.

प्रज्ञान ओझा और अक्षर पटेल के स्पेशल क्लब में एंट्री

टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पर 3 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनरों की लिस्ट काफी छोटी है, जिसमें अब नमन धीर तीसरे सदस्य बन गए हैं.

टी20 डेब्यू पर 3 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर

  • 1. प्रज्ञान ओझा – 4/21 बनाम बांग्लादेश (नॉटिंघम, 2009)
  • 2. अक्षर पटेल – 3/17 बनाम जिम्बाब्वे (हरारे, 2015)
  • 3. नमन धीर – 3/31 बनाम वेस्टइंडीज (लखनऊ, 2026)

इन बल्लेबाजों का किया शिकार

वेस्टइंडीज की पारी के दौरान जब कप्तान शे होप और शेरफेन रदरफोर्ड तेजी से रन बटोर रहे थे, तब नमन धीर ने मैच का रुख पलटा. उन्होंने 12वें ओवर में अर्धशतक जमाकर खतरनाक दिख रहे कैरेबियाई कप्तान शे होप को पवेलियन का रास्ता दिखाया. इसके दो ओवर बाद ही उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाज रोमारियो शेफर्ड को चलता किया. फिर उन्होंने शमार स्प्रिंगर को अपना तीसरा शिकार बनाकर विंडीज को पूरी तरह बिखेर दिया.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button