विज्ञापन
सार
Bhopal Crime News : भोपाल में अंधविश्वास के चलते पिता ने गड़े खजाने के लालच में बेटी की हत्या कर दी। तीन महीने बाद पुलिस ने खेत से कंकाल मिलने के बाद मामले का खुलासा किया।

पुलिस गिरफ्त में आरोपी (फोटो सोर्स- नवभारत)
विस्तार
Bhopal Father Daughter Murder Case: भोपाल देहात पुलिस ने तीन महीने पहले लापता हुई नाबालिग बच्ची के मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि जिस पिता पर बेटी की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी ने अंधविश्वास और जमीन में गड़े कथित खजाने के लालच में अपनी ही मासूम बेटी की हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए शव को खेत में दफना दिया गया और मामले को अपहरण का रूप देने की कोशिश की।
भोपाल देहात पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी खलिहान में परिवार के साथ सो रही थी। देर रात कोई अज्ञात व्यक्ति उसे उठाकर ले गया।
पुलिस को खेत में मिला मानव कंकाल
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और वैज्ञानिक जांच के जरिए मामले की पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान 7 मई को घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक खेत में मानव कंकाल मिला। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच शुरू कराई और कंकाल की पहचान के प्रयास किए। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि बच्ची का पिता अचानक घर छोड़कर गायब हो गया था। पत्नी ने भी उसके व्यवहार को लेकर संदेह जताया, जिसके बाद जांच का पूरा फोकस पिता की भूमिका पर आ गया।
सम्बंधित ख़बरें
तीन महीने बाद पिता ने कबूला जुर्म
लगातार जांच के बाद पुलिस को आरोपी के विदिशा जिले के गंजबासौदा क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। 14 जुलाई को पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गड़े खजाने के लिए मानव बलि का अंधविश्वास
भोपाल पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे विश्वास था कि जमीन में सोने-चांदी का खजाना दबा हुआ है और उसे पाने के लिए मानव बलि जरूरी है। इसी अंधविश्वास के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर बेटी की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, वारदात वाली रात बच्ची को खलिहान से ले जाया गया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया, ताकि मामला अपहरण का लगे।
ये भी पढ़ें : जस्टिस विशाल मिश्रा कॉल मामले में भाजपा विधायक संजय पाठक ने मांगी माफी, हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित
दो आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा भी बरामद किया गया है। मुख्य आरोपी पिता पुलिस गिरफ्त में है, जबकि वारदात में शामिल उसके दो साथी अभी फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अंधविश्वास से जुड़े इस पूरे नेटवर्क की भी जांच की जाएगी।
