हिसार के बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने और किसान नेताओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुलाई गई न्याय संघर्ष समिति की महापंचायत ने सरकार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है।
.
महापंचायत में शामिल कांग्रेस सांसदों, विधायकों और खाप पंचायतों की मौजूदगी के बीच सरकार ने 5 सदस्यीय कमेटी को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बातचीत का निमंत्रण भेजा है।
पंचायत ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री संग होने वाली यह बैठक बेनतीजा रही, तो 18 अगस्त से हिसार-दिल्ली, हिसार-सिरसा और हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।
उधर, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हांसी में हुए उपद्रव के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए 10 किसान नेताओं को रविवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। अदालत ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।

15 अगस्त को हांसी में बिगड़े थे हालात
15 अगस्त को हांसी के नेहरू कॉलेज में मुख्यमंत्री के जिला स्तरीय ध्वजारोहण कार्यक्रम से पहले सिसाये पुल नाके पर भारी हंगामा हुआ था। सुबह 6:40 बजे करीब 150 से 200 लोगों की भीड़ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ समारोह स्थल की ओर बढ़ी।
अधिकारियों के समझाने के बावजूद भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर बैरिकेड्स तोड़कर ट्रैक्टर चढ़ाने व पथराव की कोशिश की गई।
मजिस्ट्रेट के आदेश पर लाठीचार्ज
स्थिति बिगड़ती देख ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। इस झड़प में हांसी SP विनोद कुमार समेत कई जवान घायल हो गए थे। पुलिस ने इन पर कई धाराओं के केस दर्ज कर लिया।
पुलिस-किसानों में टकराव की तस्वीरें…

प्रदर्शनकारियों को आगे से बढ़ने से रोकती हांसी पुलिस।

हांसी में भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू किया और बचने के लिए शेड के नीचे छिप गए।

हांसी एसपी खुद लोगों पर पत्थर फेंकते दिखे थे।
इस तरह बिगड़ते चले गए हालात...
- सुबह 6:40 बजे सिसाये पुल पर जुटी भीड़: FIR के अनुसार, 15 अगस्त सुबह करीब 6:40 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और वाहनों में 150-200 लोग सिसाये पुल पर एकत्रित हुए। कार्यकारी मजिस्ट्रेट उदयवीर झाझड़िया, DSP क्राइम रविंद्र सांगवान और थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने।
- उपद्रवियों ने ट्रैक्टर चढ़ाने की धमकी दी: पुलिस के अनुसार, उपद्रवियों द्वारा पुलिस बल को धमकी दी गई कि तुम सभी यहां से भाग जाओ, नहीं तो हम तुम पर ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मार देंगे और किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री को आज शहर हांसी में ध्वजारोहण नहीं करने देंगे।
- मजिस्ट्रेट के आदेश पर हुआ लाठीचार्ज : भीड़ के लगातार हिंसक होने और बैरिकेड्स तोड़कर पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश के बाद, ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 16 व 17 के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज की अनुमति दी। पुलिस बल ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को डेटा रोड कैंची तक खदेड़ा।
- एसपी खुद मौके पर पहुंचे : इसी बीच सूचना पाकर एसपी हांसी विनोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ कैंची चौक पहुंचे। उपद्रवियों ने दोबारा पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। एसपी विनोद कुमार ने खुद आगे होकर जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए भीड़ को तितर-बितर कराया, जिसके बाद मुख्यमंत्री का ध्वजारोहण कार्यक्रम शांतिपूर्ण संपन्न हो सका।
CIA इंचार्ज और हांसी SP के खिलाफ गुस्सा...

सीआइए इंचार्ज कप्तान सिंह AK 47 पकड़ता हुआ। अपनी बात रखते सांसद दीपेंद्र हुड्डा और इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला।
दीपेंद्र हुड्डा बोले-हथियार लहराना गलत
मामले में दीपेंद्र हुड्डा ने कहा- हांसी में CIA इंचार्ज कप्तान सिंह द्वारा AK-47 जैसे खतरनाक हथियारों को लहराना, एक-दूसरे से छीना-झपटी और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पथराव के दृश्य कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। हांसी में जो स्थिति बनी और जिस तरह पुलिस अधिकारियों की भूमिका सामने आई है, उसकी निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
दिग्विजय चौटाला ने हांसी सीआईए इंचार्ज को गुंडा कहा
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सरकार ने एक नया कल्चर बना लिया है। पुलिस का रूप वर्दी से बेवर्दी हो गया है। बेवर्दी गुंडे के रूप में आए पुलिसकर्मी हैं। प्रदेश में कितनी बार हम घटनाक्रम देख चुके हैं। हिसार के एचएयू, जीजेयू में और फिर चैनत गांव के धरने पर भी ऐसा ही हुआ। आज भी ऐसा हो रहा है। एके 47 लेकर बिना वर्दी के आना कौन से कानून में लिखा हुआ है। असोल्ट राइफल जो देश की सीमा की सुरक्षा के लिए दी हुई हो, उसको एक पुलिसवाला गुंडा चलाने का प्रयास करता है।
SKM बोली- गोलियां चलाने का प्रयास किया
संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि पुलिस ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के उन आदेशों की अनदेखी की, जिसमें प्रदर्शनों के दौरान अधिकारियों को वर्दी में होना अनिवार्य किया गया है। मोर्चा का आरोप है कि सादे कपड़ों में आए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने AK-47 से गोलियां चलाने का प्रयास किया।
------------------
यह भी पढ़ें- जीवन कुंडू हत्याकांड, विधायक अत्री का बड़ा बयान:बोले- सगा भाई या बेटा भी आरोपी होता तो साथ नहीं देता, पीड़ित परिवार के साथ

हिसार के जीवन कुंडु हत्याकांड को लेकर जींद के उचाना कलां से बीजेपी विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री का बड़ा बयान सामने आया है। आरोपियों की मदद करने के आरोपों पर विधायक अत्री ने साफ कहा कि यह बेहद संवेदनशील और दुखद मामला है, जिसमें किसी भी स्तर पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें…