August 5, 2026

कांग्रेस नेता और उपसरपंच की हत्या का खुलासा : 3 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, लूट के लिए उतारा था मौत के घाट - Haribhoomi

दुर्ग में कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप हत्याकांड का खुलासा। लूट की नीयत से हत्या करने वाले 3 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी आदर्श द्विवेदी पकड़ा गया।

Accused in police custody

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

  • Published: 05 Aug 2026, 07:16 PM IST
  • Last Updated: 05 Aug 2026, 07:16 PM IST

आनंद नारायण ओझा- दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता एवं ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी नशे के आदी हैं और उन्होंने लूट की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया था। मामले का खुलासा सेक्टर-6 पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) शोभराज अग्रवाल ने किया।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार देर रात धमधा रोड पर करहीडीह और चिखली चौक के बीच हुई। प्रकाश सिंह कश्यप भिलाई से अपने गांव तुमाकला लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार चार युवकों ने उन्हें रोक लिया और मोबाइल फोन तथा नकदी लूटने का प्रयास किया। 

दुर्ग में कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप हत्याकांड का खुलासा। लूट की नीयत से हत्या करने वाले 3 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी आदर्श द्विवेदी पकड़ा गया। pic.twitter.com/ADlqrqinSO

— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) August 5, 2026

4 हजार रुपये नकद लूटकर हुए फरार
जब प्रकाश सिंह कश्यप ने लूट का विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और करीब 4 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। वहीं उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। 

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार 
पुलिस ने मुख्य आरोपी आदर्श द्विवेदी सहित तीन विधि-विरुद्ध बालकों (नाबालिगों) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या, लूट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)