September 29, 2026

स्कूल से लौटे, खेलने निकले और तालाब में डूब गए... जामताड़ा में 3 मासूमों बच्चों की मौत

स्कूल से लौटे, खेलने निकले और तालाब में डूब गए… जामताड़ा में 3 मासूमों बच्चों की मौत

तालाब में डूबे 3 मासूम बच्चे.

Jamtara News: झारखंड के जामताड़ा जिले में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया. सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई. बताया जा रहा कि तीनों बच्चे आपस में दोस्त थे और स्कूल से लौटने के बाद खेलने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान वे गांव से कुछ दूर स्थित तालाब के पास पहुंच गए. वहां नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए. हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया.

स्कूल से लौटे, खेलने निकले थे तीनों बच्चे

जानकारी के मुताबिक, चेगायडीह गांव के रहने वाले जमीसुद्दीन अंसारी का 5 वर्षीय बेटा आर्यन अंसारी, सजाउद्दीन अंसारी का 6 वर्षीय बेटा सोहेल अंसारी और तबारक अंसारी का 6 वर्षीय बेटा नासिर अंसारी आपस में दोस्त थे. मंगलवार दोपहर तीनों बच्चे स्कूल से अपने-अपने घर लौटे थे. कुछ देर बाद वे खेलने के लिए घर से बाहर निकले. खेलते-खेलते तीनों गांव से थोड़ी दूर स्थित एक तालाब के पास पहुंच गए.

ये भी पढ़ें- तीसरी शादी की चाहत में बना हैवान! गर्भवती पत्नी को नदी में दिया धक्का लहरों में बहकर टापू पर पहुंची; बची जान

नहाने के दौरान गहरे पानी में गए

बताया जा रहा कि तालाब के पास पहुंचने के बाद तीनों बच्चे पानी में उतरकर नहाने लगे. इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वे तालाब के गहरे पानी में चले गए. तीनों बच्चों को डूबता देखकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई. स्थानीय लोग तुरंत तालाब में उतरे और बच्चों की तलाश शुरू की. काफी प्रयास के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

तीन परिवारों में पसरा मातम

हादसे की खबर मिलते ही तीनों बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया. एक साथ तीन बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग भी इस घटना से सदमे में हैं. घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों बच्चों के शवों को तालाब से बाहर निकाला गया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

एक सप्ताह पहले पलामू में भी 5 बच्चों की मौत

झारखंड में डूबने से बच्चों की मौत का यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब करीब एक सप्ताह पहले पलामू जिले में भी बड़ा हादसा हुआ था. 23 सितंबर की सुबह चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया-पतरिया के पास कोयल नदी में करम पर्व की सामग्री विसर्जित करने के दौरान डूबने से पांच बच्चों की मौत हो गई थी. लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों ने नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

अशोक कुमार

अशोक कुमार

अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.

Read More

google button