October 3, 2026

वियतनाम टूर के नाम पर कपल से ठगी: अंबाला से बुजुर्ग पिता को घूमाने का प्लान किया; वॉट्सएप ग्रुप में जोड़कर 24 लोग ठगे - Ambala News

वियतनाम टूर पैकेज दिलाने के नाम पर अंबाला कैंट के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी दंपती से 3.27 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्ति का आरोप है कि 3.27 लाख रुपए लेने के बावजूद टूर की बुकिंग व अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई।

.

शिकायत के आधार पर अंबाला कैंट थाना पुलिस ने चार लोगों, संदीप उर्फ सुकांत जोगी, आरती सरकार, अदिति सरकार और संपूर्णानंद झा के खिलाफ केस दर्ज किया है।

FIR के अनुसार, शिकायतकर्ता रविंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि आरोपी खुद को एडमायर टूर एंड हॉलिडे प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा बताते थे और विदेशी टूर पैकेज उपलब्ध कराने की बात कहते थे। आरोपियों ने उन्हें और उनकी पत्नी संयोगिता और 70 वर्षीय पिता बालकिशन के लिए वियतनाम टूर का पैकेज 1.09 लाख रुपए प्रति व्यक्ति बताया।

इसके तहत कुल 3.27 लाख रुपए कंपनी के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। शिकायतकर्ता ने बैंक लेन-देन के दस्तावेज भी पुलिस को देने की बात कही है।

प्रतीकात्मक फोटो।

प्रतीकात्मक फोटो।

पहले टिकट-वीजा दिया, बाकी बुकिंग के लिए टालते रहे

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने फोन और व्हाटसऐप के जरिए लगातार संपर्क बनाए रखा और शिकायतकर्ता को एक व्हाटसऐप ग्रुप में भी जोड़ा, जिसमें वियतनाम यात्रा की पूरी योजना साझा की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने होटल और अन्य बुकिंग के वाउचर मांगे तो आरोपियों ने पहले यात्रा स्थगित होने की बात कही।

बाद में दिल्ली से हनोई की एयर टिकट और वीजा उपलब्ध कराया गया, लेकिन होटल बुकिंग, वापसी की एयर टिकट, वियतनाम में स्थानीय यात्रा और घूमने-फिरने से संबंधित पक्के बुकिंग वाउचर उपलब्ध नहीं कराए गए।

विरोध करने पर जान से मारने की धमकी का आरोप

FIR में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने बिना कन्फर्म्ड वाउचर के यात्रा करने पर आपत्ति जताई तो संदीप और अदिति सरकार ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, उन्हें यह भी कहा गया कि अगर उन्होंने यात्रा नहीं की तो उनकी पहले से उपलब्ध एयर टिकट भी कैंसिल करवा दी जाएगी और पैसे वापस नहीं किए जाएंगे।

प्रतीकात्मक फोटो।

प्रतीकात्मक फोटो।

24 लोगों से 26.16 लाख लेने का दावा

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उन्हें बाद में जानकारी मिली कि संबंधित कंपनी/आरोपियों के खिलाफ अन्य लोगों से भी ठगी की शिकायतें सामने आई हैं। FIR में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्हाटसऐप ग्रुप में शामिल 24 लोगों ने मिलकर कंपनी के खाते में कुल 26.16 लाख रुपए जमा करवाए थे और शिकायतकर्ता के अनुसार इनमें से किसी का भी टूर विधिवत आयोजित नहीं किया गया।

इन धाराओं में केस दर्ज

अंबाला कैंट थाने में बीएनएस की धारा 316(2), 318(4), 61(2), 336(3) और 340(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक राकेश कुमार को सौंपी गई है। शिकायत में बैंक खातों, व्हाटसऐप चैट, मोबाइल नंबर, ई-मेल, टिकट, वीजा दस्तावेजों समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच करने की मांग की गई है।