रायपुर58 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

शहर के 2021 के मास्टर प्लान में तय की गई एमआर 43 सड़क का काम बहुत जल्द शुरू होगा। लाभांडी से कचना होते हुए सड्डू तक बनने वाली करीब तीन किलोमीटर की नई सड़क के लिए लैंड यूज चेंज करने अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस नई सड़क के बनने से तीन लाख से ज्यादा लोगों को सीधा फायदा होगा।
लाभांडी, कचना, सड्डू और बलौदाबाजार की ओर जाने वाले लोगों का कम से कम 20 मिनट समय बचेगा। उन्हें किसी जाम में भी नहीं फंसना होगा। नई सड़क बनने के बाद सड्डू, कचना और विधानसभा रोड पर भी लगातार बढ़ा रहा ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
आवास एवं पर्यावरण विभाग के विशेष सचिव देवेंद्र भारद्वाज की ओर से जमीन के खसरा नंबरों के साथ शुक्रवार को इसकी सूचना अखबारों में जारी की गई है। इसमें शहर के दो बड़े बिल्डरों की एकड़ों की जमीन भी दायरे में आ रही है। इस सूचना में दावा-आपत्ति के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
तय समय के बाद किसी भी तरह की आपत्ति मंजूरी नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि रायपुर के 2031 के मास्टर प्लान में भी इस सड़क को शामिल किया गया है। यही वजह है कि राज्य सरकार इस सड़क को बनाने के लिए जल्द फैसले ले रही है। लोग अपनी आपत्तियों को कलेक्टोेरट, संभाग कमिश्नर, टाउन प्लानिंग और निगम दफ्तर में कर सकते हैं।
नई सड़क के लिए 99.100 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। यह जमीन अभी आवासीय है। इसके लैंड यूज परिवर्तन कर इसे मिश्रित किया जा रहा है। तीन किलोमीटर इस लंबी सड़क का निर्माण रायपुर विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग वाले करेंगे। लाभांडी, कचना, सड्डू से होते हुए इस सड़क को बलौदाबाजार जाने वाली सड़क से मिलाया जाएगा।
इन इलाकों के लोगों को सबसे ज्यादा फायदा
नई सड़क बनने से वीआईपी स्टेट खम्हारडीह, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, पिरदा, बाराडेरा, जोरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर जैसे इलाकों के लोगों को बड़ा फायदा होगा। आठ से ज्यादा वार्डों के करीब तीन लाख लोग सीधे रिंग रोड से जुड़ सकेंगे।
लोगों को ट्रैफिक सिग्नल और जाम से राहत मिलेगी। केवल कचना के ही इलाके में 20 से ज्यादा नई कॉलोनियां बन रही हैं। ऐसे में इन कॉलोनियों में भी रहने वाले लोगों को नई सड़क का बड़ा फायदा होगा।
ग्रीन लैंड की वजह से आरडीए बनाएगा सड़क
एमआर-43 सड़क का बड़ा हिस्सा ग्रीन लैंड है। इस वजह से इसका लैंड यूज बदला जा रहा है। ग्रीन लैंड की वजह से सड़क की शुरुआत का निर्माण आरडीए करेगा। करीब 2 किमी सड़क लोक निर्माण विभाग वाले बनाएंगे। सड़क के लिए सर्वे का काम कई समय पहले ही पूरा हो चुका है।
ग्रीन लैंड में 293 खसरे शामिल हैं। करीब 10 हेक्टेयर सरकारी जमीन भी शामिल है। नई सड़क कोर्ट यार्ड मैरियट होटल के पास से पहले दाहिने जुड़ेगी और रेलवे क्रॉसिंग पार कर सीधे कचना ओवरब्रिज से जुड़ जाएगी।
नई सड़क बनाने की जरूरत क्यों पड़ी
रायपुर विकास प्राधिकरण की ओर से कौशल्या विहार के लगभग 16 साल बाद नवा रायपुर के पास पिरदा और तुलसी गांव में 143 हेक्टेयर (करीब 353.4 एकड़) जमीन पर नई टाउनशिप बना रहा है। इस योजना के तहत जमीन मालिकों को उनकी जमीन के बदले 40% डेवलप लैंड वापस दी जाएगी।
इसकी अधिसूचना 11 अगस्त को जारी की गई है। इस नई कॉलोनी को लाभांडी. सड्डू, कचना और बलौदाबाजार रोड से जोड़ने के लिए ही एमआर 43 नई सड़क बनाई जा रही है। नई सड़क बनने के बाद पिरदा और तुलसी गांव में बनने वाले नई टाउनशिप के लोग आसानी से इन सभी मुख्य सड़कों तक जा सकेंगे। इससे टाउनशिप की जमीन की खरीदी-बिक्री भी बढ़ेगी।
.