August 6, 2026

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर सरकार का बड़ा फैसला, अब 3 घंटे के भीतर हटाना होगा अनिवार्य

नई दिल्ली(उत्तम हिन्दू न्यूज): केंद्र सरकार ने डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर बढ़ते फर्जी एवं आपत्तिजनक कंटेंट पर लगाम कसने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अनुसार, अब सोशल मीडिया कंपनियों को किसी भी गैर-कानूनी, आपत्तिजनक या संवेदनशील सामग्री की सूचना मिलने के सिर्फ 3 घंटे के भीतर उसे अपने प्लेटफॉर्म से हटाना होगा।

पहले ऐसी शिकायतों पर कार्रवाई के लिए कंपनियों को 24 से 36 घंटे तक का समय मिलता था, लेकिन अब इस समयसीमा को घटाकर तीन घंटे कर दिया गया है।

डीपफेक और फर्जी कंटेंट पर रहेगा विशेष फोकस

सरकार का कहना है कि डिजिटल युग में कोई भी डीपफेक वीडियो, एआई से तैयार की गई भ्रामक सामग्री या फर्जी खबरें कुछ ही मिनटों में लाखों लोगों तक पहुंच जाती हैं। इससे किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा, सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक सुरक्षा को गंभीर नुकसान हो सकता है। ऐसे में त्वरित कार्रवाई जरूरी है।

इन मामलों में तुरंत हटाना होगा कंटेंट

नए नियमों के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को शिकायत मिलने के बाद निम्न प्रकार की सामग्री तुरंत हटानी होगी—

  • किसी व्यक्ति की छवि खराब करने वाले फर्जी वीडियो या तस्वीरें।
  • बच्चों से संबंधित यौन शोषण सामग्री (CSAM)।
  • बिना सहमति के साझा की गई निजी या अश्लील सामग्री।
  • देश की संप्रभुता, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली भ्रामक या भड़काऊ सामग्री।
  • एआई से तैयार किए गए डीपफेक और अन्य भ्रामक डिजिटल कंटेंट।

नियम तोड़ने पर होगी कड़ी कार्रवाई

सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म निर्धारित 3 घंटे की समयसीमा का पालन नहीं करता है, तो उसे सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा 79 के तहत मिलने वाला ‘सेफ हार्बर’ संरक्षण नहीं मिलेगा। ऐसी स्थिति में संबंधित कंपनी को मध्यस्थ (Intermediary) का कानूनी संरक्षण खोना पड़ सकता है और उसके खिलाफ सीधे कानूनी एवं आपराधिक कार्रवाई की जा सकती है।

सरकार का मानना है कि नए नियमों से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जवाबदेही बढ़ेगी, फर्जी और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार पर तेजी से रोक लगेगी तथा इंटरनेट उपयोगकर्ताओं के लिए ऑनलाइन माहौल अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

You Might Be Interested In

  • 28 अगस्त से विमेंस एशिया कप की शुरुआत, इस दिन खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान के बीच ‘हाईवोल्टेज मैच’
  • हरियाणा में पुलिस थाने के सामने 30 राउंड फायरिंग, रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी, 2 की मौत कई घायल
  • विरोध करने से Gen Z देशद्रोही नहीं बन जाते, RSS प्रमुख मोहन भागवत का बड़ा बयान
  • ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी का किया ऐलान, अगले छह महीनों में देशभर में संगठन का विस्तार
  • ATF में इथेनॉल मिलाने वाले दावे गलत, नागरिक उड्डयन मंत्री बड़ा दावा- ऐसा कोई प्रस्ताव ही नहीं
  • राजपाल यादव की मुश्किलें बढ़ीं, 16 करोड़ के कर्ज की वसूली के लिए बैंक ने संपत्तियों पर चिपकाया नोटिस