August 4, 2026

बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' में थे गजनी के प्रदीप रावत, 3 अवॉर्ड्स से हुए थे सम्मानित

Aug 04, 2026 10:50 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान

Follow us on Google News

share

Pradeep Rawat Death: प्रदीप रावत ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। आपको ये जानकर हैरानी होगी कि ‘गजनी’ के प्रदीप रावत ‘महाभारत’, ‘लगान’ और ‘छावा’ में भी थे।

महाभारत और गजनी के प्रदीप रावत का निधन

महाभारत और गजनी के प्रदीप रावत का निधन

आमिर खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'गजनी' में खूंखार विलेन का रोल निभाने वाले प्रदीप रावत का निधन हो गया है। आपको पता है प्रदीप रावत ने सिर्फ हिंदी में ही नहीं; तमिल, तेलुगू और कन्नड़ जैसी कई भाषाओं की फिल्मों में भी अपनी छाप छोड़ी। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने करियर की शुरुआत भारतीय टेलीविजन के सबसे बड़े शो 'महाभारत' से की थी।

प्रदीप रावन ने 'महाभारत' में कौन-सा किरदार निभाया था‌

प्रदीप रावत को पहला बड़ा ब्रेक बीआर चोपड़ा के आइकॉनिक धारावाहिक 'महाभारत' में मिला था। इस पौराणिक सीरियल में उन्होंने गुरु द्रोणाचार्य के पुत्र 'अश्वत्थामा' का किरदार निभाया था। उनके इस रोल को दर्शकों ने खूब सराहा था और यहीं से उनके अभिनय सफर की मजबूत नींव पड़ी थी।

'गजनी' से मिली देशभर में पहचान

साल 2005 में आई तमिल फिल्म 'गजनी' में प्रदीप रावत ने डबल रोल निभाकर तहलका मचा दिया था। इसके बाद जब साल 2008 में आमिर खान के साथ इसका हिंदी रीमेक बना तो इसमें भी विलेन के रूप में प्रदीप रावत को ही चुना गया। 'गजनी' के इस खूंखार किरदार ने उन्हें हर घर में पहचान दिला दी।

'लगान' में भी थे प्रदीप रावत

'गजनी' से पहले प्रदीप रावत, आमिर खान के साथ फिल्म 'लगान' में भी काम कर चुके हैं। इस फिल्म में उन्होंने देवा सिंह सोढ़ी का किरदार निभाया था। आपको जानकर हैरानी होगी कि प्रदीप, विकी कौशल की फिल्म 'छावा' में भी थे। आपने उन्हें येसाजी कंक के किरदार में देखा होगा।

एक ही फिल्म और रोल के लिए जीते 3 बड़े अवॉर्ड्स

प्रदीप रावत ने साउथ सिनेमा में भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया था। साल 2004 में आई तेलुगु फिल्म 'साई' (Sye) में उनके विलेन के रोल को इतनी तारीफ मिली कि उन्हें एक ही किरदार के लिए तीन बड़े पुरस्कारों - फिल्मफेयर बेस्ट विलेन अवॉर्ड (तेलुगू), संतोषम बेस्ट विलेन अवॉर्ड और नंदी अवॉर्ड (बेस्ट विलेन) से नवाजा गया। इसके अलावा उन्हें 'मंगला' (2012) और 'नायक' (2014) जैसी फिल्मों के लिए भी बेस्ट विलेन की श्रेणी में नामांकित किया गया था।

कैसे हुआ प्रदीप रावत का निधन?

एचटी सिटी को प्रदीप रावत के मैनेजर ने बताया कि एक्टर को कैंसर था। हालांकि, इलाज करवाने के बाद वो ठीक हो गए थे, लेकिन उनका कैंसर दोबारा लौट आया।

प्रदीप रावत के परिवार में कौन-कौन है?

प्रदीप रावत ने 74 साल की उम्र में आखिरी सांस ली है। उनके परिवार में उनकी पत्नी और बेटा विक्रमादित्य हैं। पता चला है कि वे पिछले एक महीने से ज्यादा समय से प्रदीप अस्पताल में भर्ती थे।