September 4, 2026

शिवहर में 2919 परिवारों को मिलेगा नया आवास: दुर्गा पूजा से पहले तैयार होगा जगदीश नंदन सिंह पथ, शहर को मिलेगा पहला पार्क - Sheohar News

शिवहर नगर परिषद क्षेत्र में आवास, सड़क, नाला, जल निकासी, स्वच्छता और शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं में तेजी लाने का दावा किया गया है।

.

शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभापति राजन नंदन सिंह ने नगर परिषद की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

3122 लाभार्थियों को मिला आवास का पूरा भुगतान

सभापति ने बताया कि वर्ष 2021 से पहले आवास योजना के तहत नगर परिषद को कुल 4400 आवास मिले थे। इनमें 700 आवास वापस हो गए, जबकि 3700 आवास शेष रहे। वर्ष 2021 तक 1118 लाभार्थियों को आवास की पूरी राशि का भुगतान किया गया था। अब यह संख्या बढ़कर 3122 हो गई है।

आवास योजना 2.0 में 2919 परिवारों को मंजूरी

नई आवास योजना 2.0 के पहले चरण में 241 लोगों को आवास मिल चुका है। वहीं, दूसरे चरण में 2919 परिवारों के आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सामान्य वर्ग के 540, ओबीसी के 1592, एससी के 783 और एसटी के चार परिवार शामिल हैं। स्वीकृत लाभार्थियों के साथ 15 सितंबर 2026 से एग्रीमेंट की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

दुर्गा पूजा से पहले जगदीश नंदन पथ पूरा करेंगे

सभापति ने बताया कि शहर के महत्वपूर्ण जगदीश नंदन सिंह पथ का निर्माण कार्य दुर्गा पूजा से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा जेल के पास जिलाधिकारी की ओर से उपलब्ध कराई गई जमीन पर शहर का पहला पार्क नगर वन विकसित किया जाएगा।

पिच्छियारी पोखर को बनाया जाएगा पर्यटन स्थल

नगर परिषद पिच्छियारी पोखर को मॉडल के रूप में विकसित करने की तैयारी में है। इसे आसपास के जिलों के लिए मिसाल बनाने के साथ शहरवासियों के लिए आकर्षण और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है।

तीन वर्षों में कई सड़कों और नालों पर काम

सभापति के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में नंदलाल गली, विद्या विहार वाली सड़क, खादी भंडार सड़क, महिला थाना रोड, पंचमुखी हनुमान मंदिर सड़क और बीआरसी रोड समेत कई सड़कों पर काम कराया गया है। वहीं सुंदरपुर मुख्य नाला, दाउद छपरा मुख्य नाला और इस्लामपुर-चिकनौटा नाला समेत जल निकासी से जुड़ी योजनाओं पर भी काम हुआ है।

हर महीने जनता दरबार और जन सहयोग शिविर

नगर परिषद की ओर से अक्टूबर से हर महीने के दूसरे गुरुवार को जनता दरबार लगाया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक शुक्रवार को जन सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। सभापति ने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।