September 22, 2026

एक ही ट्रक, दो धर्म कांटे और अंतर 285 किलो: पीड़ित चालक बोला- गगन कांटे की हो जांच, फैक्ट्री पर उठाए सवाल - Muzaffarnagar News

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Muzaffarnagar
  • Muzaffarnagar Truck Weighing Controversy | Balaji Ingot Factory Probe

वरुण कुमार शर्मा | मुजफ्फरनगर6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मुजफ्फरनगर में एक ही ट्रक का दो अलग-अलग धर्म कांटों पर वजन कराने के बाद 285 किलो के अंतर का मामला सामने आया है। रामगढ़ से मुजफ्फरनगर स्थित बालाजी इंगट फैक्ट्री में माल लेकर पहुंचे ट्रक चालक मुस्तकीम ने गगन धर्म कांटे के वजन पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। मंगलवार अपराह्न करीब 4 बजे चालक ने आरोप लगाते हुए बताया कि गगन धर्म कांटे पर ट्रक के माल का वजन करीब 285 किलो कम बताया गया, जबकि दूसरे धर्म कांटे पर वजन कराने पर पूरा वजन सामने आया।

मुस्तकीम के मुताबिक बालाजी इंगट फैक्ट्री में माल पहुंचने के बाद उसे गगन धर्म कांटे पर वाहन का वजन कराने के लिए कहा गया था। वहां वजन कराने पर उसे करीब दो कुंतल 85 किलो वजन कम बताया गया। वजन को लेकर संदेह होने पर उसने ट्रक को दूसरे धर्म कांटे, जिसे वह दीपक धर्म कांटा बता रहा है, वहां ले जाकर दोबारा वजन कराया। चालक का दावा है कि वहां ट्रक में मौजूद माल का पूरा वजन सामने आया।

चालक का आरोप है कि जब उसने दूसरे धर्म कांटे के वजन की जानकारी फैक्ट्री प्रबंधन को दी तो उसे स्वीकार नहीं किया गया। उसके मुताबिक फैक्ट्री की ओर से कहा गया कि भुगतान के लिए केवल गगन धर्म कांटे का वजन ही मान्य होगा। इसके बाद चालक ने मामले का समाधान निकालने के लिए माल के पीस गिनने का प्रस्ताव भी रखा।

गगन धर्म कांटे की जांच कराने की मांग

मुस्तकीम के अनुसार ट्रक में कुल 365 एंगट पीस माल था। उसने फैक्ट्री प्रबंधन से कहा कि माल उतरवाकर सभी पीसों की गिनती करा ली जाए। यदि पीस कम निकलते हैं तो निर्धारित नियम के अनुसार माल की कमी की कटौती कर ली जाए, लेकिन यदि सभी पीस पूरे निकलते हैं तो पूरा भाड़ा दिया जाए। चालक का कहना है कि इसके बावजूद उसकी इस मांग को स्वीकार नहीं किया गया।

चालक ने आरोप लगाया कि धर्म कांटे के वजन के आधार पर होने वाली कटौती का सीधा असर ट्रक चालकों की कमाई पर पड़ता है। उसके मुताबिक रामगढ़ से मुजफ्फरनगर माल लाने का करीब 8 हजार रुपये भाड़ा बनता है और वजन के आधार पर कटौती होने से उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

मुस्तकीम ने कहा कि ट्रक चालक पहले ही बढ़ते खर्च और महंगाई के बीच काम कर रहे हैं। ऐसे में माल ढुलाई के बाद भाड़े में भी कथित वजन के आधार पर कटौती होने से आर्थिक परेशानी बढ़ती है। उसने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ट्रक चालक ने खास तौर पर गगन धर्म कांटे की जांच कराने की मांग की है। उसका कहना है कि यदि एक ही ट्रक के वजन में दो अलग-अलग कांटों पर 285 किलो का अंतर आया है तो इसकी जांच होनी चाहिए।

इस पूरे मामले में विभिन्न धर्म कांटे के प्रबंधक ने बताया कि ट्रक चालक ने तोल को लेकर आरोप लगाया है। मापतोल विभाग की टीम आई थी। जांच कर वापस लौट गई है। दैनिक भास्कर ने जब मापतोल विभाग के अधिकारियों से इस पूरे मामले में जानकारी करने के लिए फोन मिलाया तो फोन रिसीव नहीं हुआ।

.