Aug 04, 2026 10:47 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, वाशिंगटन
ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी सड़कों की सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए गैर-नागरिकों और अवैध विदेशियों के पास मौजूद 28000 से अधिक कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। राज्यों के सहयोग से लगभग 24000 ऐसे ड्राइवरों के लाइसेंस पूरी तरह रद्द किए गए हैं जो अंग्रेजी बोल या पढ़ नहीं सकते थे।

ट्रंप प्रशासन ने रद्द किए 28000 कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस
ट्रंप प्रशासन ने राज्यों के सहयोग से गैर-नागरिकों के पास मौजूद 28000 से अधिक कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस (CDL) रद्द कर दिए हैं। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि अधिकारियों ने विभिन्न राज्यों के सहयोग से उन 24000 गैर-नागरिकों के सीडीएल पूरी तरह रद्द कर दिए हैं, जो अंग्रेजी बोल या पढ़ नहीं सकते थे। बताया जा रहा है कि इनमें अधिकतर भारतीय मूल के और लैटिन ड्राइवर सबसे अधिक हैं। हालांकि परिवहन विभाग की ओर से स्पष्ट तौर पर संख्या नहीं बताया गया है। बता दें कि ट्रंप प्रशासन ने इन ड्राइवरों की जगह अमेरिकी सैन्य दिग्गजों को लाने के लिए 'फ्रीडम हॉल' पहल भी शुरू की है।
विभाग की ओर से यह भी बताया गया है कि राज्यों के साथ मिलकर लगभग 28000 अवैध रूप से जारी किए गए ड्राइवर लाइसेंस रद्द किए गए हैं तथा 9500 ड्राइविंग स्कूलों को बंद किया गया है, जिन्होंने इन ड्राइवरों को अमेरिकी सड़कों पर उतारने में सहायता की थी।
क्या बोले अमेरिकी परिवहन सचिव?
अमेरिकी परिवहन सचिव सीन पी डफी ने कहा कि होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS ) अमेरिका की सड़कों को सुरक्षित बनाने के हमारे प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने आगे बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप अमेरिकी परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि कई अमेरिकी नागरिकों की जान ऐसे दुर्घटनाओं में चली गई, जिन्हें पूरी तरह रोका जा सकता था। कारण यह था कि अवैध विदेशियों को अमेरिका की सड़कों पर ट्रक और 18-व्हीलर चलाने के लिए कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस जारी किए गए। डीएचएस कानून प्रवर्तन विभाग, परिवहन विभाग के साथ साझेदारी कर सीडीएल धोखाधड़ी को समाप्त करने, सीडीएल प्रणाली की ईमानदारी मजबूत करने और पूरे देश में कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस स्कूलों की जांच कर रहा है।
अब एक्स फौजी को मौका
बताया गया कि इन कार्रवाइयों के कारण देश में लगभग 30000 ट्रक ड्राइवर उपलब्ध नहीं रहेंगे। जिसका असर परिवहन पर भी दिखेगा। यही कारण है कि इस कमी को पूरा करने के लिए जुलाई के अंत में राष्ट्रपति ट्रंप ने 'फ्रीडम हॉल' पहल की घोषणा की। इसके तहत सैन्य सेवा में भारी ट्रक चलाने वाले दिग्गज अपनी सेवा समाप्ति के दो वर्ष के भीतर खुद ब खुद कमर्शियल ड्राइवर लाइसेंस के लिए पात्र हो जाएंगे। ट्रंप ने कहा था कि उन्हें बहुत जल्दी पास कर दिया जाएगा। हम उन्हें प्रशिक्षित करेंगे। वे सीखेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ ही सप्ताह में उन्हें लाइसेंस मिल जाएगा।
जुलाई तक हटाए गए 10000 स्कूल
बता दें कि इससे पहले दिसंबर 2025 में अमेरिकी परिवहन विभाग (USDOT) ने उन सीडीएल प्रशिक्षण प्रदाताओं को संघीय मोटर कैरियर सुरक्षा प्रशासन (FMCSA) की प्रशिक्षण प्रदाता रजिस्ट्री से हटाने की घोषणा की थी, जो प्रशिक्षुओं को ट्रंप प्रशासन के रेडीनेस मानकों के बारे में सूचित करने में विफल रहे। जुलाई तक लगभग 10000 स्कूल हटाए जा चुके हैं। फरवरी 2026 में यूएसडीओटी ने बताया कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 550 से अधिक नकली सीडीएल प्रशिक्षण स्कूलों को एफएमसीएसए की राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रदाता रजिस्ट्री से हटाने का नोटिस जारी किया गया है।
होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने स्पष्ट किया कि ये सभी अभियान ट्रंप प्रशासन की 'अमेरिकी ट्रकिंग उद्योग से धोखाधड़ी को जड़ से खत्म करने और उद्योग में ईमानदारी वापस लाने की निरंतर और ठोस कोशिशों' का हिस्सा हैं। प्रशासन का लक्ष्य न सिर्फ सड़कों को सुरक्षित बनाना है, बल्कि ट्रकिंग क्षेत्र में अमेरिकी नागरिकों, खासकर सैन्य दिग्गजों को प्राथमिकता देना भी है।
