October 16, 2026

गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या: हिंदू नेता पिंकी चौधरी के साथ प्लॉट विवाद में पहुंचा था; भीड़ ने हमलावर को पीटा - Ghaziabad News

गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्लॉट पर कब्जे को लेकर उसका आरोपी राहुल साहनी से विवाद हो गया था। तभी राहुल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उसे गोली मार दी।

.

वारदात के बाद हमलावर मौके से भागने लगा। हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ से आरोपी को छुड़ाया और हिरासत में ले लिया।

मृतक की पहचान आयुष वाल्मीकि (22) के रूप में हुई है। वह हिंदू नेता पिंकी चौधरी के साथ प्लॉट विवाद में पहुंचा था। घटना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे साहिबाबाद इलाके में हुई।

यह तस्वीर आरोपी राहुल साहनी की है। वह प्लॉट मालिक नमिता शर्मा की ओर से झगड़े में शामिल हुआ था।

यह तस्वीर आरोपी राहुल साहनी की है। वह प्लॉट मालिक नमिता शर्मा की ओर से झगड़े में शामिल हुआ था।

अब पूरा मामला

साहिबाबाद एसीपी अमित सक्सेना ने बताया- साहिबाबाद इलाके में नमिता शर्मा नाम की महिला ने 180 गज का प्लॉट हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी की पत्नी पूनम को बेचा था। पिंकी चौधरी का दावा है कि वह इस प्लॉट के लिए नमिता शर्मा को कई करोड़ रुपए दे चुके हैं।

इस प्लॉट के बराबर में 280 गज जमीन खाली पड़ी है। यह ग्रीन बेल्ट की जमीन है। नमिता शर्मा इसे अपनी जमीन बताती हैं, जबकि पिंकी चौधरी भी इस पर दावा करते हैं। इसे लेकर पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हो चुका है। शुक्रवार शाम को भी इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ।

पुलिस ने आरोपी राहुल साहनी को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने आरोपी राहुल साहनी को हिरासत में ले लिया है।

गाली-गलौज के बाद चली गोली

शुक्रवार शाम नमिता शर्मा की ओर से राहुल साहनी कुछ लोगों के साथ प्लॉट पर पहुंचा। इसी बीच पिंकी चौधरी और हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच पहले गाली-गलौज हुई, फिर मारपीट शुरू हो गई।

राहुल साहनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। गोली आयुष वाल्मीकि को लगी। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आयुष दिल्ली के गोकुलपुरी का रहने वाला था।

हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने राहुल साहनी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाया और हिरासत में ले लिया। एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर रही है। पूरे मामले में साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदुओं को तलवार बांटने के मामले में जेल गए थे पिंकी चौधरी

पिंकी चौधरी पहले भी विवादों में रह चुके हैं। 29 दिसंबर 2025 को उनका 21 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया था। यह वीडियो गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके का था। इसमें पिंकी चौधरी अपने समर्थकों के साथ घर-घर जाकर तलवार बांटते दिख रहे थे।

वीडियो में उनके समर्थकों के हाथों में तलवारें और फरसे थे। वे भारत माता की जय के नारे लगाते हुए घरों के दरवाजे खटखटा रहे थे। घर के मालिक के बाहर आने पर उसे तलवार थमाते थे। वे कहते थे कि यह तलवार बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए है। अगर बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा होती है, तो विधर्मियों से अपनी सुरक्षा के लिए इसका इस्तेमाल करें।

इस मामले में पुलिस ने 6 जनवरी को पिंकी चौधरी और उनके बेटे को गिरफ्तार किया था। 15 जनवरी को जमानत पर रिहा होने के बाद पिंकी चौधरी ने 25 किलोमीटर लंबा जुलूस निकाला था।

…………………………

यह खबर भी पढ़ें…

पति की हत्या कर सांप छोड़ने वाली रविता को सजा-ए-मौत: प्रेमी को भी फांसी होगी, मेरठ में 3 दिन में 4 को मौत की सजा

पति की हत्या करके सांप से डसवाने वाली रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को वारदात के 547 दिन बाद मेरठ जिला कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। यहां पढ़ें पूरी खबर