कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। इसे सोशल मीडिया पर जारी भी किया है।
.
22 सितंबर को लिखे पत्र में राहुल ने मुख्यमंत्री से 27% OBC आरक्षण लागू करने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने की मांग की है। राहुल ने लिखा- इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान मध्य प्रदेश के कई स्टूडेंट्स ने शिक्षा, रोजगार और भविष्य से जुड़े गंभीर मुद्दे उठाए। OBC आरक्षण के तहत रुकी नियुक्तियों का मामला भी सामने आया था।
छात्रों के मुताबिक, वे परीक्षा पास करने के साथ चयन प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। इसके बावजूद 87:13 व्यवस्था के तहत OBC आरक्षण से जुड़े 13% पदों को होल्ड रखा गया है। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थी वर्ष 2022 से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। वे भविष्य को लेकर अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने पत्र X पर शेयर किया है।
सभी दलों ने 27% आरक्षण का समर्थन किया था
राहुल गांधी ने लिखा- 27% OBC आरक्षण को सभी दलों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया था। इसके बावजूद इस मुद्दे का समाधान अब तक नहीं हुआ है। नियुक्ति और आरक्षण के क्रियान्वयन की मांग को लेकर अभ्यर्थियों को बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से कहा कि छात्रों की बात सुनी जाए। 27% OBC आरक्षण लागू किया जाए और सभी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। चार साल से अधिक समय से इंतजार कर रहे इन युवाओं का कीमती वक्त अब और जाया नहीं होना चाहिए।
इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में उठा था मुद्दा
दरअसल, 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राजगढ़ की सपना गुर्जर और सतना के अखिल भारती क्रांति ने MPPSC समेत अन्य भर्तियों में 13% पद होल्ड होने का मुद्दा उठाया था। सपना के मुताबिक, मार्च 2019 में OBC आरक्षण 14% से बढ़ाकर 27% किया गया था।
बाद में 13% पदों को कोर्ट में मामला लंबित होने का हवाला देकर होल्ड किया गया। उनका दावा है कि करीब 10 हजार पदों पर यह स्थिति है और 1.87 लाख अभ्यर्थी नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं।
अखिल भारती ने कहा कि प्री, मेंस और इंटरव्यू पास करने के बाद भी अभ्यर्थी वर्षों से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं। उनके मुताबिक, कई अभ्यर्थी ओवरएज हो चुके हैं और मानसिक दबाव झेल रहे हैं।

छात्रों की गूंज कार्यक्रम में OBC आरक्षण पर भी बात की गई थी।
हाईकोर्ट ने आरक्षण पर फैसला सुरक्षित रखा
27% OBC आरक्षण से जुड़े मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में अंतिम सुनवाई 5 अगस्त को पूरी हुई। जस्टिस आनंद पाठक और जस्टिस विनय सराफ की विशेष बेंच ने फैसला सुरक्षित रखा है। अब अदालत के फैसले का इंतजार है।

मंत्री सारंग बोले- उन्हें OBC आरक्षण की जानकारी ही नहीं
खेल मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के पत्र पर कहा- गांधी जी के साथ दिक्कत यही है कि उनको किसी मुद्दे की जानकारी तो है नहीं। जिस मुद्दे पर पत्र लिख रहे हैं, उसकी जानकारी तो ले लेते। मध्य प्रदेश में OBC आरक्षण को रोकने का पाप अगर किसी ने किया था, तो वह कांग्रेस की सरकार और कमलनाथ की सरकार ने किया था। हमारी सरकार पहले से कहती है कि हम 27% OBC आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सारंग ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि उन्होंने जो पत्र हिंदी में लिखा है, उसे अक्षरशः पढ़कर सोशल मीडिया पर रिकॉर्डिंग जारी करें। राहुल गांधी को यह तक नहीं मालूम होगा कि पत्र में क्या लिखा है।
ये खबर भी पढ़ें…
राहुल बोले- सिस्टम अंधभक्त पैदा कर रहा

राहुल गांधी ने इंदौर में 'छात्रों की गूंज' को संबोधित किया। कार्यक्रम के 5वें एडिशन में उन्होंने ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ विषय पर करीब 60 मिनट बात की। छात्रों से सवाल-जवाब के दौरान राहुल ने कहा- सिस्टम नहीं चाहता कि स्टूडेंट्स सवाल पूछें, इसलिए वह अंधभक्त पैदा करता है। उन्होंने कहा- छात्रों का सिस्टम से भरोसा उठ गया है। पढे़ं पूरी खबर…