मौसम विभाग ने आज बिहार के 27 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया। वहीं, पटना में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। शाम होते ही हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 से 50Kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है।
.
भारतीय मौसम वेबसाइट विंडी.कॉम के मुताबिक, बादल बिहार से आगे बढ़ते हुए पूर्वोत्तर के राज्य में चला गया है। प्रदेश के ऊपर हल्के बादल हैं, जिसकी वजह से अगले पांच दिनों तक राज्य में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
इधर, पटना, मुंगेर में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मुंगेर में प्रत्येक घंटा 2 सेंटीमीटर की रफ्तार से गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रदेश में अबतक 155.9mm बारिश हुई है, जो सामान्य से 47% कम है।

बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम…
रविवार को सीवान, सूपौल, समस्तीपुर और रक्सौल में तेज बारिश हुई। उत्तर बिहार के कई जिलों में बादल छाए हैं। सीवान में देर रात तेज बारिश के बाद मॉडल सदर अस्पताल परिसर झील में तब्दील हो गया।
जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण अस्पताल में घुटनों तक पानी भर गया है। इससे इमरजेंसी में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, मॉडल सदर अस्पताल परिसर में बने पुलिस टीओपी में भी बारिश का पानी घुस गया। वहीं, पटना, नालंदा, बक्सर समेत कई जिलों में धूप निकलने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई। 37 डिग्री तापमान के साथ कैमूर सबसे गर्म रहा।
मौसम की कुछ तस्वीरें देखिए…

सीवान में देर रात तेज बारिश के बाद सदर अस्पताल में पानी भर गया।

सुपौल में बीती रात मौसम बदल गया। जिले में तेज बारिश शुरू हो गई।
प्रमुख जिलों का तापमान

आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक बिहार के अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। उत्तर, मध्य और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
इस दौरान कुछ स्थानों पर वज्रपात और तेज हवा चलने की भी आशंका है। लगातार सक्रिय मानसून के कारण तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।
यह बारिश किसानों के लिए भी राहत भरी मानी जा रही है, क्योंकि इससे खरीफ फसलों की बुआई और सिंचाई में मदद मिलेगी।
- राजधानी में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश, मेघगर्जन और तेज हवा चल सकती है।
- 13 जुलाई: पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद में 30-40km/h की रफ्तार से हवा चल सकती है। बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है।
एक्सपर्ट बोले- मानसून अब रफ्तार पकड़ रहा है
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बिहार में मानसून इस समय सक्रिय अवस्था में है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने और मानसूनी ट्रफ के बिहार के आसपास बने रहने से अगले कुछ दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रहती है तो जुलाई के दूसरे पखवाड़े में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है, जिससे वर्षा की कमी धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।
जुलाई में भी कम बारिश हुई तो धान की खेती पर पड़ेगा असर
कम बारिश होने से राज्य में अब तक लक्ष्य की मात्र 4% धान की रोपनी हो सकी थी। बिहार भयानक सूखे की कगार पर खड़ा था।
जुलाई बिहार में मानसून का सबसे महत्वपूर्ण महीना होता है। इसी दौरान धान की मुख्य रोपनी होती है। अगर जुलाई में भी बारिश कम रही तो धान की रोपनी बुरी तरह प्रभावित होगी। किसानों को सिंचाई के लिए भूजल पर निर्भर रहना पड़ेगा, जिससे वाटर लेवल नीचे जाएगा।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अनुसार बिहार में करीब 32 लाख हेक्टेयर जमीन पर धान की खेती होती है। यह फसल ज्यादातर बारिश पर निर्भर है। औसत उत्पादन 1 टन प्रति हेक्टेयर है।