August 16, 2026

टूटा है ऑस्ट्रेलिया का घमंड, बांग्लादेश ने घर में घुसकर हराया टेस्ट, पलट गया 26 साल का टेस्ट इतिहास

Time Updated: Sunday, August 16, 2026, 10:39 [IST]

AUS vs BAN: क्रिकेट की पिच पर कोई टीम कितनी भी बड़ी हो लेकिन गेम खराब होता है, तो हार का सामना भी करना पड़ता है। ऐसा ही कुछ ऑस्ट्रेलिया के साथ हुआ है, ऑस्ट्रेलियाई टीम को बांग्लादेश ने उनके घर में जाकर टेस्ट मैच हरा दिया। डार्विन टेस्ट में जीत दर्ज कर बांग्लादेश ने नया इतिहास लिख दिया।

ऑस्ट्रेलिया के लिए पहले दिन टॉस जीतकर बैटिंग करने के साथ ही चीजें खराब होनी शुरू हो गई थी। कंगारुओं को बांग्लादेश के गेंदबाज हसन महमूद ने बिल्कुल नहीं चलने दिया। पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी पहली पारी में महज 198 रन बनाकर आउट हो गई। रन बनाने वाले बल्लेबाज स्टीव स्मिथ थे। उन्होंने 71 रनों की शानदार पारी खेली। हसन महमूद ने तूफानी गेंदबाजी कर 6 विकेट झटके।

AUS vs BAN

पहली पारी में बांग्लादेश का बड़ा स्कोर

गेंदबाजों के बाद अब बांग्लादेश के पास ऑस्ट्रेलिया को पीछे धकेलने का एक सुनहरा मौका था और उनके बल्लेबाजों ने ठीक वही किया। बांग्लादेश के ओपनर तंजीद हसन ने पहली पारी में शतक जड़ते हुए 101 रनों की पारी खेली। कप्तान नजमुल हुसैन के बल्ले से 84 रन आए।

अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया। इसमें मेहदी हसन के 65 रन अहम रहे। मोमिनुल हक ने भी 49 रन बनाए, इस तरह बांग्लादेश ने 426 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया पर एक बड़ी बढ़त के साथ दबाव बना दिया। हेजलवुड ने पहली पारी में 6 विकेट अपने नाम किए।

बिखर गई ऑस्ट्रेलिया की पारी

इसके बाद दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग लाइनअप पूरी तरह से बिखर गई, सिर्फ कैमरन ग्रीन एकमात्र बल्लेबाज थे, जिनके बैट से रन आए। लगातार फ्लॉप हो रहे ग्रीन ने शतक जमा दिया लेकिन इससे काम नहीं बना। स्मिथ ने 44 रन बनाए और पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 284 रन बनाकर आउट हो गई। इस बार बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन ने 5 विकेट झटके। अब बांग्लादेश को 57 रन का लक्ष्य मिला।

बांग्लादेश ने रच दिया इतिहास

लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश ने तंजीद हसन का विकेट गंवा दिया, वह खाता खोले बिना आउट होकर चलते बने। इसके बाद शदमान इस्लाम (25*) और मोमिनुल हक (30*) ने मिलकर टीम को लक्ष्य हासिल करवा दिया और 9 विकेट की जीत के साथ बांग्लादेश ने ऐसा कीर्तिमान स्थापित कर दिया, जिसके बारे में किसी ने सोचा नहीं होगा।

टेस्ट इतिहास में पहली बार ऑस्ट्रेलिया में जाकर बांग्लादेश ने टेस्ट जीता है, 26 साल में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। इससे पहले बांग्लादेश ने अपने घर में ऑस्ट्रेलिया को एक टेस्ट में हराया था। अब यह कुल दूसरी जीत है।