September 3, 2026

24 साल से कहां थीं Kalpana Iyer? ये कैसा हाल? रेस्तरां में किया काम, 70 की उम्र में सबके सामने क्यों जोड़े हाथ

Time Published: Thursday, September 3, 2026, 9:43 [IST]

Kalpana Iyer: 80 और 90 के दशक में बॉलीवुड में अपने डांस और ग्लैमरस अंदाज से पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस कल्पना अय्यर आज भले ही बड़े पर्दे से दूर हों लेकिन उनका नाम सुनते ही 'हरि ओम हरि', 'रंभा हो' और 'जब छाए मेरा जादू' जैसे सुपरहिट गाने याद आ जाते हैं। कल्पना अय्यर ने अपने करियर में कई फिल्मों में काम किया और कई यादगार किरदार निभाए। खासतौर पर उन्हें आइटम नंबर और नेगेटिव किरदारों के लिए खूब लोकप्रियता मिली।

24 साल से कहां गायब थीं कल्पना अय्यर?
हालांकि एक वक्त ऐसा भी आया जब बॉलीवुड में उनका करियर धीरे-धीरे थम गया। करीब 24 साल से वह फिल्मों से दूर हैं। काम की तलाश उन्हें ग्लैमर इंडस्ट्री से हॉस्पिटैलिटी सेक्टर तक ले गई और वह दुबई जा बसी थीं। कल्पना दुबई में एक रेस्तरां मैनेजर के तौर पर काम कर रही थीं। अब 70 साल की उम्र में कल्पना एक बार फिर एक्टिंग करना चाहती हैं और उन्होंने इंडस्ट्री के कास्टिंग प्रोफेशनल्स से काम देने को लेकर अपील भी की है। वह हाथ जोड़कर लोगों से काम के लिए रिक्वेस्ट करती नजर आई हैं।

Kalpana Iyer

मिस इंडिया रनर-अप से शुरू हुआ था कल्पना का सफर

कल्पना अय्यर का फिल्मी सफर शुरू होने से पहले ही उनका नाम ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में चमक चुका था। साल 1978 में वो मिस इंडिया प्रतियोगिता की रनर-अप रही थीं। इसके बाद उन्होंने मिस वर्ल्ड 1978 में भारत का प्रतिनिधित्व किया और टॉप-15 में जगह बनाई। मॉडलिंग के बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया। एक्टिंग के साथ-साथ वह सिंगिंग और मॉडलिंग में भी एक्टिव रहीं। हालांकि बड़े पर्दे पर उन्हें मुख्य एक्ट्रेस के बजाय ग्लैमरस किरदारों, डांस नंबर और नेगेटिव भूमिकाओं के लिए ज्यादा पहचान मिली।

'हरि ओम हरि' ने रातोंरात दिलाई पहचान

-कल्पना अय्यर को असली लोकप्रियता फिल्म 'प्यारा दुश्मन' के गाने 'हरि ओम हरि' से मिली। इस गाने में उनका अंदाज और डांस दर्शकों को इतना पसंद आया कि वह देखते ही देखते पॉपुलर हो गईं। इसके बाद उनके पास फिल्मों और गानों के ऑफर आने लगे।

-'रंभा हो' और 'जब छाए तेरा जादू' जैसे गानों ने भी कल्पना अय्यर की लोकप्रियता को और बढ़ाया। बाद में उन्होंने 'डिस्को डांसर', 'अंजाम' और 'लाडला' जैसी फिल्मों में भी काम किया। 'अंजाम' में जेल की सख्त वार्डन का उनका किरदार दर्शकों को खासा पसंद आया था जबकि 'लाडला' में वह श्रीदेवी की दोस्त के रोल में दिखाई दी थीं।

फिल्म इंडस्ट्री से क्यों दूर हुईं कल्पना अय्यर?

-इतना काम और पहचान हासिल करने के बाद भी कल्पना अय्यर का फिल्मी करियर ज्यादा लंबा नहीं चल पाया। साल 2019 में फर्स्टपोस्ट को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने करियर को लेकर खुलकर बात की थी।

-कल्पना ने बताया था कि वह अपने काम को ही अपना पीआर मानती थीं। उनका मानना था कि उन्होंने इंडस्ट्री में सही तरह से नेटवर्किंग नहीं की और यही उनके लिए एक बड़ी कमी साबित हुई। उन्होंने ये भी कहा था कि उस दौर में उन्हें सही दिशा दिखाने या गाइड करने वाला कोई नहीं था।

-इसके अलावा उनकी निजी जिंदगी में भी कई तरह की परेशानियां चल रही थीं। इन परिस्थितियों ने उन्हें धीरे-धीरे फिल्मों से दूर कर दिया। एक समय ऐसा आया जब इंडस्ट्री में लोगों ने मान लिया कि कल्पना अय्यर अब फिल्मों में एक्टिव नहीं हैं।

टीवी में भी नहीं मिली मनचाही सफलता

फिल्मों के ऑफर कम होने के बाद कल्पना ने टेलीविजन पर भी काम करने की कोशिश की लेकिन यहां भी उन्हें वैसी सफलता नहीं मिली जिसकी उन्हें उम्मीद थी। उन्होंने बताया था कि वह काम मिलने के इंतजार में बैठी रहती थीं और धीरे-धीरे उन्हें इस स्थिति से ऊब होने लगी। सबसे बड़ी परेशानी ये थी कि काम नियमित नहीं था और आर्थिक स्थिति भी चुनौतीपूर्ण हो रही थी। परिवार की जिम्मेदारियां बढ़ रही थीं और उन्हें पैसों की जरूरत थी।

परिवार की जिम्मेदारियों ने बदल दी जिंदगी

कल्पना अय्यर के मुताबिक उस समय उनके परिवार में भी आर्थिक परेशानियां थीं। उनकी बहन सिंगल पैरेंट थीं और परिवार की जिम्मेदारियों में कल्पना की भी भूमिका थी। ऐसे वक्त में उन्होंने अपने करियर और जिंदगी को एक नया रास्ता देने का फैसला किया। यही वजह रही कि उन्होंने हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री का रुख किया और दुबई चली गईं। साल 1999 से वह दुबई में रह रही हैं। वहां एक रेस्तरां की मैनेजर के तौर पर काम कर रही हैं।

एक्ट्रेस को रेस्तरां में देखकर लोग पूछते थे सवाल

फिल्मों में ग्लैमर और शोहरत देखने वाली कल्पना अय्यर के लिए रेस्तरां में काम करना जिंदगी का बिल्कुल अलग अनुभव था। कई बार लोग उन्हें वहां काम करते देखकर हैरान हो जाते थे और पूछते थे कि वह यहां क्या कर रही हैं। कल्पना ने बताया था कि ऐसे सवाल उन्हें भीतर तक परेशान करते थे। उन्हें समझ नहीं आता था कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या गलत किया है कि अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए उन्हें ये रास्ता चुनना पड़ा।

अमजद खान से जुड़ा था नाम लेकिन नहीं की शादी

-कल्पना अय्यर की निजी जिंदगी भी लंबे समय तक चर्चा में रही थी। उनका नाम दिग्गज अभिनेता अमजद खान से जोड़ा गया था। मीडिया रिपोर्ट्स में दोनों के रिश्ते की चर्चा होती रही। हालांकि दोनों ने कभी शादी नहीं की।

-कल्पना अय्यर ने भी अपनी जिंदगी में शादी नहीं की और न ही उनके बच्चे हैं। ईटाइम्स से बातचीत में उन्होंने शादी और बच्चों को लेकर अपने विचार शेयर किए थे। उन्होंने कहा था कि वह चाहती थीं कि उनकी शादी हो और बच्चे हों लेकिन ऐसा उनकी किस्मत में नहीं था।

-एक्ट्रेस ने ये भी स्वीकार किया था कि बिना शादी के बच्चा करने का फैसला लेने की उनमें हिम्मत नहीं थी। इसलिए उन्होंने अपनी जिंदगी को उसी तरह स्वीकार कर लिया, जैसी वह उनके सामने आई।

70 की उम्र में कल्पना अय्यर फिर करना चाहती हैं काम

-लंबे समय तक इंडस्ट्री से दूर रहने के बाद कल्पना अय्यर अब एक बार फिर एक्टिंग की दुनिया में लौटना चाहती हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट लिखकर बताया कि वह काम करने के लिए तैयार हैं लेकिन कास्टिंग से जुड़े लोगों के रवैये से उन्हें निराशा होती है।

kalpana iyer

-कल्पना अय्यर ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह किसी खास या वीआईपी ट्रीटमेंट की उम्मीद नहीं करतीं। उनकी सिर्फ इतनी इच्छा है कि उनके साथ सम्मान और शालीनता से पेश आया जाए। अगर कोई कास्टिंग प्रोफेशनल उनसे संपर्क करता है और बाद में उन्हें किसी प्रोजेक्ट के लिए नहीं चुनता तो कम से कम उन्हें इसकी जानकारी दी जाए।

-कल्पना अय्यर ने कहा कि अगर किसी को लगता है कि वह किसी रोल के लिए सही नहीं हैं तो उन्हें बताया जाए। वह अपनी तरफ से बदलाव करने और चीजों को समझने की कोशिश करेंगी। उनका कहना है कि बिना किसी बातचीत के पहले से धारणा बना लेना सही नहीं है।

-कल्पना अय्यर ने अपनी पोस्ट में ये भी साफ किया कि वह किसी एक व्यक्ति को निशाना नहीं बना रही हैं। उनका मैसेज पूरी इंडस्ट्री के लिए है। 70 साल की उम्र में भी उनके अंदर काम करने का जज्बा है और वह चाहती हैं कि उन्हें सिर्फ उनकी उम्र के आधार पर नजरअंदाज न किया जाए।