ईवीएम स्ट्रांग रूम प्रभारी और सहायक शिक्षक फूल सिंह श्याम को निलंबित कर दिया गया है।
अनूपपुर जिला मुख्यालय पर पुराने तहसील कार्यालय भवन को तोड़ते समय 24 ईवीएम (8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट) के चोरी होने का मामला सामने आया था। इस मामले में शनिवार को ईवीएम स्ट्रांग रूम प्रभारी और सहायक शिक्षक फूल सिंह श्याम को तुरंत निलंबित कर दिय
.
कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी, अनूपपुर ने निलंबन आदेश जारी किया। इसमें बताया गया कि ईवीएम की सही स्थिति समय पर साफ न होने और रिकॉर्ड रखने में लापरवाही से सरकार की छवि खराब हुई।
जांच में पता चला कि ये मशीनें चोरी नहीं हुई थीं। दरअसल, इन्हें 2021 में ही भोपाल भेजा जा चुका था। हैदराबाद की ECIL कंपनी ने इन्हें नष्ट भी कर दिया था।
सत्यापन में गायब मिली थीं 24 ईवीएम
21 सितंबर को ईवीएम को पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर स्थित नए कक्ष में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद 24 से 28 सितंबर के बीच जिला स्तरीय समिति ने नियमित भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट गायब मिलीं। पुराने वेयरहाउस के कमरे की पिछली दीवार भी टूटी हुई पाई गई। ऐसे में अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईवीएम चोरी किए जाने की आशंका जताई गई।


बिना रिकॉर्ड जांचे दर्ज कराई एफआईआर
मशीनें गायब मिलने के बाद अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय के पत्र पर कोतवाली थाना अनूपपुर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई। हालांकि, बाद में संबंधित फाइलों और पुराने रिकॉर्ड की दोबारा जांच की गई तो पता चला कि मशीनें पहले ही नष्ट करने के लिए भेजी जा चुकी थीं।
2021 में भोपाल से ECIL हैदराबाद भेजी गई थीं मशीनें
अभिलेखों के पुनः परीक्षण में सामने आया कि वर्ष 2020 में खराब ईवीएम प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भोपाल मंगाई गई थीं। इसी प्रक्रिया के तहत 11 अक्टूबर 2021 को तत्कालीन उप जिला निर्वाचन अधिकारी के पत्र के आधार पर 16 कंट्रोल यूनिट (CU), 8 बैलेट यूनिट (BU), 2 ADU और एक डिकोड प्रिंटर भोपाल स्थित संग्रहण केंद्र भेजे गए थे। इसके बाद यह सामग्री ECIL हैदराबाद पहुंचाई गई, जहां इन्हें नष्ट कर दिया गया था।
ऑनलाइन एंट्री नहीं होने से पैदा हुआ भ्रम
मशीनें भेजे जाने के बाद संबंधित अधिकारियों ने पोर्टल पर उनकी ऑनलाइन एंट्री नहीं की थी। स्टॉक रजिस्टर का क्रमांकवार मिलान भी नहीं किया गया। समय बीतने के साथ पुराना रिकॉर्ड ठीक से जांचा नहीं गया और भौतिक सत्यापन में मशीनें नहीं मिलने पर चोरी की आशंका जताई गई। मामले में प्रशासनिक स्तर पर रिकॉर्ड संधारण और जांच में लापरवाही सामने आई है।


स्ट्रांग रूम प्रभारी निलंबित
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांग रूम प्रभारी फूल सिंह श्याम के निलंबन का आदेश जारी किया है। आदेश में ईवीएम की वास्तविक स्थिति और रिकॉर्ड के रखरखाव में लापरवाही का उल्लेख किया गया है। पुराने भवन को तोड़ने से पहले संबंधित अधिकारियों द्वारा रिकॉर्ड की जांच नहीं किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं।