October 17, 2026

सऊदी जाने वाली एयर इंडिया की उड़ानें 24 अक्टूबर तक रद्द, हूती विद्रोहियों की धमकी के बाद फैसला

सऊदी जाने वाली एयर इंडिया की उड़ानें 24 अक्टूबर तक रद्द, हूती विद्रोहियों की धमकी के बाद फैसला

एयर इंडियाImage Credit source: Getty Images

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के जेद्दा, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानों का अस्थायी निलंबन 24 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है. एयरलाइंस के मुताबिक, 15 अक्टूबर या उससे पहले टिकट बुक कराने वाले यात्री, जिनकी यात्रा की तारीख 9 से 25 अक्टूबर के बीच है, 10 नवंबर तक एक बार मुफ्त में यात्रा की तारीख बदल सकते हैं. यात्री उपलब्धता के आधार पर GCC क्षेत्र के दूसरे शहरों से भी यात्रा के लिए री-बुकिंग करा सकते हैं.

एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा, ‘मौजूदा स्थिति को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 24 अक्टूबर 2026 तक जेद्दा, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है. हम समझते हैं कि इन व्यवधानों से हमारे यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर असर पड़ सकता है और हम इस अवधि के दौरान यथासंभव लचीलापन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं’.

दुबई-दोहा से आने-जाने वाली उड़ानों में होगी री-बुकिंग

एयर इंडिया के यात्री दुबई या दोहा से आने-जाने वाली उड़ानों में री-बुकिंग करा सकते हैं. वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री अबू धाबी, अल ऐन, बहरीन, दोहा, दुबई, कुवैत, मस्कट, रास अल खैमाह, सलालाह या शारजाह से आने-जाने वाली उड़ानों में री-बुकिंग करा सकते हैं, जबकि वैकल्पिक शहर से यात्रा करने वाले यात्रियों को वहां पहुंचने की व्यवस्था खुद करनी होगी. इसके लिए उन्हें संबंधित वीजा और प्रवेश नियमों का भी पालन करना होगा. जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुई हैं, वो यात्रा नहीं करने की स्थिति में पूरा रिफंड भी ले सकते हैं.

क्यों रद्द हुईं एयर इंडिया की उड़ानें?

ये परेशानी 10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद पैदा हुई है, जिसमें मरने वालों की संख्या 13 हो गई है. रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि इस घटना में घायल हुए एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है.

हूती ने अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों को दी है धमकी

यमन के सूचना मंत्री मोअम्मर अल-एरियानी ने बताया कि तनाव बढ़ने के बीच यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने शुक्रवार को हूती मिलिशिया पर अदन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को दो मिसाइलों से निशाना बनाने का आरोप लगाया, जो काहिरा के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे यमन एयरलाइंस के एक विमान के पास गिरीं. हूती ने अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों, विदेशी कामगारों और व्यावसायिक यात्रियों को सऊदी विमानन केंद्रों का उपयोग न करने की चेतावनी दी है और मक्का और मदीना के पवित्र शहरों को छोड़कर सऊदी हवाई क्षेत्र को असुरक्षित घोषित किया है.

ये भी पढ़ें: गूगल मैप का इस्तेमाल करना पड़ गया भारी…जंगल में फंसे 9 टेक्नीशियन

कुमार कुन्दन

कुमार कुन्दन

साल 2004 में "जी न्यूज" से पत्रकारिता की शुरुआत किया। इसके बाद "टोटल टीवी", "न्यूज24", " इंडिया टीवी", इसके बाद "राजस्थान पत्रिका" अखबार और फिर टीवी 9 भारतवर्ष से जुड़ा.

Read More

google button