October 18, 2026

पंजाब में भीषण सड़क हादसा... संगरूर में सड़क पर काम कर रहे 23 मनरेगा मजदूरों को कार ने कुचला, 9 की मौत

Sangrur Road Accident: पंजाब के संगरूर जिले के लहरागागा क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जाखल रोड पर गांव चोटियां के पास मनरेगा के तहत काम कर रहे मजदूरों को एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने कुचल दिया. हादसे में 9 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम गांव चोटियां के समीप जाखल रोड पर मनरेगा के तहत करीब 23 मजदूर काम कर रहे थे. इनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल थे. मजदूर सड़क किनारे अपने काम में जुटे हुए थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और वहां काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया.

बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी. ऐसे में मजदूरों को संभलने या वहां से हटने का मौका तक नहीं मिला. कार ने कई मजदूरों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर गंभीर स्थिति पैदा हो गई.

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

भीषण टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में 9 मजदूरों की मौत हुई है. हालांकि, मृतकों की सटीक संख्या और घायलों की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. वहीं पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है. पुलिस के मुताबिक, हादसा तेज रफ्तार कार की वजह से हुआ. सड़क पर मजदूर काम कर रहे थे, इस दौरान उनको अचानक आई एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया.

हादसे में मृतकों की पहचान कर्मजीत कौर पत्नी जग्गी सिंह, जीवन सिंह पुत्र रामलाल, निकी पत्नी हंसा राम, सर्बजीत कौर पत्नी सोनी सिंह, रणजीत कौर पत्नी जरनैल सिंह, कर्मजीत पत्नी काला खान,रानी कौर पत्नी तरसेम सिंह भीमा और देस राज के रूप में हुई है.

हादसे से इलाके में दहशत

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर चिंता और दहशत का माहौल बन गया. सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों के साथ हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं. मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों को सड़क पर काम करते समय तेज रफ्तार वाहनों से खतरा बना रहता है. वहीं हादसे के बाद, मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

संगरूर के एसपी पलविंदर सिंह चिम्मा ने हादसे पर जानकारी देते हुए कहा कि लहरागागा-जाखल रोड पर बेहद दर्दनाक हादसा हुआ है. मनरेगा के तहत काम कर रहे मजदूरों को एक तेज रफ्तार कार द्वारा कुचलने की सूचना मिली है. अस्पताल से भी कुछ लोगों की मौत की सूचना मिल रही है, जिसकी पुष्टि की जा रही है. पलविंदर सिंह चिम्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान करने के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं और उसे जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.

सीएम ने जताया दुख

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर के अलीशेर गांव में हुए भीषण सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने इस दुर्घटना को बेहद हृदयविदारक बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं. मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में X पर कहा, “संगरूर के अलीशेर गांव में हुए भयानक सड़क हादसे की खबर अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली है. इस दुर्घटना में मनरेगा दिहाड़ी मजदूरों समेत 8 अनमोल जिंदगियों का असमय चले जाना एक बहुत बड़ी और अपूरणीय क्षति है. इस दौरान उन्होंने ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये मुआवजे दिए जाने का ऐलान किया है.

मोहित मलहोत्रा

मोहित मलहोत्रा

भारतीय विद्या भवन दिल्ली से पत्रकारिता, 17 वर्षों का अनुभव, LIVE INDIA, NEWS 24 & NEWS 18 INDIA का पूर्व अनुभव, फिलहाल TV9 Bharatvarsh में चंडीगढ़ ब्यूरो - पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लिए डिप्टी एडिटर

Read More

google button