मार्वल स्टूडियोज की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल ‘Avengers Doomsday’ ने रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी ताकत दिखानी शुरू कर दी है। फिल्म की रिलीज में अभी करीब दो महीने का वक्त बाकी है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी ग्लोबल प्री-सेल 10 करोड़ डॉलर यानी करीब 967 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है।खास बात यह है कि फिल्म में करीब 23 बड़े सुपरहीरोज नजर आने वाले हैं, लेकिन इस समय सबसे ज्यादा चर्चा किसी हीरो की नहीं, बल्कि फिल्म के खतरनाक विलेन डॉक्टर डूम की हो रही है। सोशल मीडिया पर फैन्स के बीच डॉक्टर डूम को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
रिलीज से पहले टिकटों की धुआंधार बिक्री
‘द हॉलीवुड हैंडल’ के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, फिल्म की दुनिया भर में एडवांस टिकट बिक्री 100 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर चुकी है। यानी फिल्म के सिनेमाघरों में पहुंचने से पहले ही करोड़ों रुपये की टिकटें बिक चुकी हैं।इससे पहले सितंबर की शुरुआत में डिज्नी के CFO ह्यू जॉन्स्टन ने बताया था कि फिल्म की घरेलू प्री-सेल 5 करोड़ डॉलर से ज्यादा हो चुकी है। इसमें 70 फीसदी से अधिक टिकट प्रीमियम फॉर्मैट के लिए बिकी थीं। बाद में ग्लोबल बॉक्स ऑफिस ने घरेलू प्री-सेल का आंकड़ा करीब 5.5 करोड़ डॉलर बताया था।जर्मनी में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां प्री-सेल शुरू होने के पहले 24 घंटे में करीब 1.18 लाख टिकटें बिक गईं, जिसे ‘Avengers Endgame’ के शुरुआती टिकट बिक्री रिकॉर्ड से भी आगे बताया जा रहा है।
सबसे ज्यादा चर्चा में डॉक्टर डूम
फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी विशाल स्टारकास्ट है। लेकिन इस बार फैन्स का ध्यान सुपरहीरोज से ज्यादा डॉक्टर डूम पर है। इस किरदार को हॉलीवुड स्टार रॉबर्ट डाउनी जूनियर निभा रहे हैं।
रॉबर्ट डाउनी जूनियर का मार्वल यूनिवर्स में लौटना अपने आप में बड़ी खबर है। हालांकि इस बार वह आयरन मैन के रूप में नहीं, बल्कि खतरनाक विलेन डॉक्टर डूम के किरदार में दिखाई देंगे।
23 सुपरहीरोज के सामने होगा बड़ा खतरा
‘Avengers Doomsday’ का निर्देशन एंथनी और जो रूसो कर रहे हैं। फिल्म की कहानी अलग-अलग यूनिवर्स के सुपरहीरोज को एक बड़े और खतरनाक संघर्ष में आमने-सामने लाने वाली है।
फिल्म में क्रिस हेम्सवर्थ बतौर थॉर, क्रिस इवांस स्टीव रॉजर्स के रूप में और पैट्रिक स्टीवर्ट प्रोफेसर एक्स के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा फैंटास्टिक फोर की टीम से पेड्रो पास्कल, वैनेसा किर्बी, जोसेफ क्विन और एबन मॉस-बैकरैक भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
फ्लोरेंस पू, एंथनी मैकी, सेबेस्टियन स्टेन, पॉल रुड, लेटिशिया राइट, टॉम हिडल्स्टन, इयान मैककेलन और चैनिंग टैटम समेत कई बड़े सितारे भी फिल्म का हिस्सा हैं।
कब रिलीज होगी फिल्म?
‘Avengers Doomsday’ 18 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की अगली कड़ी ‘Avengers: Secret Wars’ 17 दिसंबर 2027 को रिलीज होने की घोषणा की गई है।यानी फिल्म की रिलीज से पहले ही जिस तरह एडवांस बुकिंग के आंकड़े सामने आ रहे हैं, उससे साफ है कि मार्वल की इस फिल्म को लेकर फैन्स के बीच जबरदस्त क्रेज बना हुआ है। अब देखने वाली बात होगी कि रिलीज के बाद डॉक्टर डूम और 23 सुपरहीरोज की टक्कर बॉक्स ऑफिस पर कितने बड़े रिकॉर्ड बनाती है।