September 5, 2026

दही हांडी का जश्न और चीख-पुकार... मुंबई में 22 गोविंदा घायल, ठाणे में मंच गिरा और महिला की मौत

Dahi Handi 2026: महाराष्ट्र में दही हांडी का उत्सव पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है. मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में हजारों गोविंदा दल मानव पिरामिड बनाकर दही हांडी फोड़ने के लिए मैदान में उतरे हैं. हालांकि उत्सव के दौरान कई जगह हादसे भी सामने आए हैं. मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान कुछ ही घंटों में 22 गोविंदा घायल हो गए, जिन्हें शहर के अलग-अलग सरकारी और नगर निगम अस्पतालों में भर्ती कराया गया.

मुंबई नगर निगम प्रशासन के अनुसार, 5 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक दही हांडी उत्सव के दौरान कुल 22 गोविंदा घायल हुए. इनमें से 21 घायलों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधा देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. जबकि एक घायल व्यक्ति का इलाज अभी अस्पताल में जारी है.

कई गोविंदा घायल

प्रशासन के मुताबिक, मुंबई के सीटी अस्पताल में 20 घायल गोविंदाओं को भर्ती कराया गया था, जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. एक घायल व्यक्ति को ईएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उपचार के बाद उसे भी डिस्चार्ज कर दिया गया. वहीं एक अन्य घायल का इलाज डब्ल्यूएस अस्पताल में चल रहा है. नगर निगम प्रशासन ने बताया कि फिलहाल दही हांडी उत्सव के दौरान कोई बड़ी अप्रिय घटना सामने नहीं आई है.

उधर, ठाणे में भी दही हांडी कार्यक्रम के दौरान एक हादसा हुआ. कोप्रीकर गोविंदा टीम नौ स्तर की सलामी देने का प्रयास कर रही थी. इसी दौरान पहली सलामी के दौरान मंच गिर गया, जिससे टीम के चार सदस्य घायल हो गए. हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई. इसके बावजूद गोविंदा टीम ने बाद में दोबारा सलामी देने का प्रयास किया.

एक महिला की मौत

वहीं पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ में दही हांडी उत्सव से जुड़ा एक दुखद हादसा सामने आया. यहां लोहे का मेहराब गिरने से 45 वर्षीय महिला सलमा पठान गंभीर रूप से घायल हो गईं. बताया जा रहा है कि रात के समय दही हांडी से जुड़ी व्यवस्था हटाने का काम चल रहा था, तभी लोहे का एक हिस्सा उनके सिर पर गिर गया. उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

सलमा पठान की मौत के बाद परिवार और इलाके में शोक का माहौल है. जानकारी के मुताबिक, परिजनों ने इस मामले में फिलहाल किसी के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है. एक तरफ जहां दही हांडी उत्सव की धूम है, वहीं लगातार सामने आ रहे हादसों ने आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है.

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह

जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.

Read More

google button