October 7, 2026

'वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा' समाप्त, विकसित भारत-2047 को साकार करने का लिया संकल्प

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ के समापन अवसर पर कहा कि 7 अक्टूबर, 2001 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर सेवा दायित्व संभाला था. आज प्रधानमंत्री ने लगातार 25 वर्षों तक जनसेवा और सुशासन का दायित्व निभाकर देश में सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले जननायक बनने का गौरव हासिल किया है. उन्होंने सत्ता को पद नहीं, बल्कि सेवा का साधन माना है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों, नारी शक्ति और युवाओं के कल्याण के साथ ही प्रत्येक नागरिक में देश के विकास में भागीदार बनने का विश्वास जगाया है. उन्होंने आगे कहा कि भूकंप एवं अन्य चुनौतियों को अवसर में बदलकर प्रधानमंत्री ने वाइब्रेंट गुजरात समिट के जरिए राज्य को ‘ग्लोबल गेटवे टू द फ्यूचर’ बनाया है. स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, बुलेट ट्रेन, गिफ्ट सिटी और सेमीकंडक्टर हब जैसे प्रोजेक्ट उनके दूरदर्शी विजन का ही परिणाम हैं.

देश में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नागरिक-केंद्रित शासन के दृष्टिकोण से देश में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं. इतना ही नहीं, भारत विश्व की टॉप-5 अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बना चुका है. उनके नेतृत्व में कोरोना काल में वैक्सीन सहायता, कॉप-21 ग्रीन एनर्जी लक्ष्यों को पूरा करना, अनुच्छेद 370 को निरस्त करना, आतंकवाद के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति तथा अंतरिक्ष एवं रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के माध्यम से भारत ने अपनी वैश्विक क्षमता सिद्ध की है.

Varanasi To Vadnagar Seva Yatra 4

25 वर्षों तक सेवा बिना एक दिन आराम किए

इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 7 अक्टूबर का यह दिन ऐतिहासिक है. वडनगर की इस पवित्र भूमि ने देश को एक ऐसा विरल सपूत दिया है, जिन्होंने पूरी दुनिया में भारत की विजय पताका लहराई है. 7 अक्टूबर, 2001 को मुख्यमंत्री के रूप में सेवा कार्यों की जो यात्रा शुरू हुई थी, वह केवल शासन नहीं, बल्कि राष्ट्र के पुनर्निर्माण का महायज्ञ था. उन्होंनेप्रधानमंत्री के सेवा दायित्व की सराहना करते हुए कहा कि लगातार 25 वर्षों तक बिना एक भी दिन आराम किए, बिना रुके और बिना झुके देश के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए कार्य करना एक अभूतपूर्व उपलब्धि है.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 100 वर्ष पूर्व एक नरेन्द्र, स्वामी विवेकानंद ने भविष्यवाणी की थी कि भारतमाता एक बार फिर जागृत होकर विश्वगुरु के पद पर विराजमान होगी. आज दूसरे नरेन्द्र, श्री नरेन्द्र मोदी के मजबूत और संकल्पबद्ध नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने उपस्थित सभी नागरिकों को पश्चिम बंगाल की जनता की ओर से कोटि-कोटि वंदन करते हुए वडनगर की पावन और ऐतिहासिक भूमि पर पहुंचकर गौरव की अनंत अनुभूति व्यक्त की. उन्होंने कहा कि यह वही पवित्र मिट्टी है, जिसने देश को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे दूरदर्शी जननायक दिए हैं. प्रधानमंत्री के दूरदर्शी और सशक्त नेतृत्व में पूरे देश में राष्ट्र प्रथम और गरीब कल्याण के मंत्र के साथ विकास एवं सुशासन के एक नए युग का मंगल प्रारंभ हुआ है.

Varanasi To Vadnagar Seva Yatra 2

‘वी विल डू इट’ के बुलंद नारे

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में देश के कोने-कोने में किसानों का कल्याण, ग्रामीण विकास, रोड और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का आधुनिकीकरण, पीएम आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि तथा उड्डयन क्षेत्र में उड़ान योजना जैसी अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाओं के जरिए पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं के लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंच रहे हैं.

आजादी के अमृत काल में, वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए आज देशभर के नागरिक एकजुट होकर ‘वी विल डू इट’ के बुलंद नारे के साथ एकता और उत्साह के साथ जुड़ गए हैं. श्री अधिकारी ने जोर देकर कहा कि पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण को जोड़ने वाली इस वाराणसी से वडनगर ‘सेवा यात्रा’ ने देश की अखंडता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को एक नई ऊर्जा दी है.

सेवा यात्रा के समापन समारोह में निकोल विधानसभा क्षेत्र के विधायक और प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने स्वागत भाषण में काशी की पवित्र धरा और देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बाइकर्स और युवाओं का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि आज का दिन अत्यंत ऐतिहासिक और सुनहरे अवसर के समान है. 7 अक्टूबर, 2001 को श्री नरेन्द्र मोदी ने शासन की कमान संभाली थी और आज उनके जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं. इस अभियान के अंतर्गत युवाओं को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ सीधे संवाद करने का प्रेरक अवसर प्राप्त हुआ है.

Varanasi To Vadnagar Seva Yatra 3

क्या है ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’?

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा के संकल्प और प्रेरणा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ निकाली गई. इस यात्रा के दौरान अनेक युवा सेवा यात्रियों सहित 500 बाइकर्स ने 10 राज्यों के सैकड़ों गांवों एवं शहरों में भ्रमण कर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशामुक्ति और जनसंवाद जैसे अनेक सामाजिक कार्य किए.

इस अभियान में लाखों नागरिकों ने हिस्सा लिया और स्वयं प्रधानमंत्री ने ऑनलाइन जुड़कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया. इस यात्रा में वडनगर के शर्मिष्ठा तालाब का पवित्र जल काशी विश्वनाथ पहुंचाया गया और वाराणसी से लाए गए पवित्र जल से वडनगर के ऐतिहासिक हाटकेश्वर महादेव का अभिषेक कर दो आध्यात्मिक नगरियों के अटूट संबंध को चरितार्थ किया गया.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button