August 23, 2026

शेयर और बॉन्ड नहीं, यहां पैसा लगा हैं लोग; 2034 तक 5 गुना मार्केट बढ़ने का अनुमान

भारत में निवेश का तरीका तेजी से बदल रहा है. अमीर और बड़े निवेशक अब सिर्फ शेयर और बॉन्ड जैसे ट्रेडिशनल ऑप्शन तक सीमित नहीं रहना चाहते. वे प्राइवेट इक्विटी, वेंचर कैपिटल, रियल एस्टेट और दूसरे इन्वेस्टमेंट ऑप्शन की ओर बढ़ रहे हैं, जहां ज्यादा रिटर्न की उम्मीद होती है. EY और Julius Baer की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट मार्केट मौजूदा करीब 400 अरब डॉलर से बढ़कर 2034 तक 2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो सकता है. यानी इसमें 5 गुना से ज्यादा की ग्रोथ का अनुमान है.

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट का मार्केट फिलहाल करीब 400 अरब डॉलर का है. इसमें 156 अरब डॉलर SEBI में रजिस्टर्ड Alternative Investment Funds यानी AIFs के जरिए इन्वेस्ट किए गए हैं. बाकी रकम ऑफशोर इन्वेस्टमेंट व्हीकल्स, फैमिली ऑफिस और दूसरे अनलिस्टेड इन्वेस्टमेंट ऑप्शन में लगी है. इस ग्रोथ के पीछे सबसे बड़ी वजह बड़े निवेशकों की बढ़ती भागीदारी और ऐसे एसेट्स की बढ़ती डिमांड है, जिनका प्रदर्शन शेयर बाजार जैसे ट्रेडिशनल इन्वेस्टमेंट से अलग हो. इससे निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में डाइवर्सिफिकेशन के साथ ज्यादा रिटर्न पाने का मौका मिलता है.

फैमिली ऑफिस का बढ़ रहा दबदबा

भारत में फैमिली ऑफिस भी इस बदलाव में अहम रोल निभा रहे हैं. पहले जहां ये संस्थाएं ज्यादातर पैसिव इन्वेस्टमेंट करती थीं, अब वे प्राइवेट मार्केट में ज्यादा एक्टिव हो रही हैं. वे प्राइवेट इक्विटी और वेंचर कैपिटल फंड में पैसा लगाने के साथ-साथ सीधे कंपनियों में इन्वेस्ट कर रही हैं और को-इन्वेस्टमेंट भी कर रही हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, फैमिली ऑफिस अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्लाइमेट टेक्नोलॉजी, रिन्यूएबल एनर्जी, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी स्टोरेज, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, क्लाउड सर्विस और डेटा सेंटर जैसे सेक्टर में भी इन्वेस्टमेंट बढ़ा रहे हैं. भारत में फैमिली ऑफिस की संख्या भी तेजी से बढ़ी है. 2018 में इनकी संख्या करीब 45 थी, जो 2024-25 तक बढ़कर लगभग 300 हो गई. यह दिखाता है कि देश में बड़े परिवारों की वेल्थ मैनेजमेंट व्यवस्था तेजी से प्रोफेशनल और इंस्टीट्यूशनल हो रही है.

2034 तक 25 हजार से ज्यादा होंगे अल्ट्रा-रिच

भारत में बढ़ती वेल्थ भी इस ट्रेंड को रफ्तार दे रही है. रिपोर्ट में दिए गए अनुमान के मुताबिक, देश में फिलहाल 19,000 से ज्यादा अल्ट्रा-हाई-नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स यानी बेहद अमीर लोग हैं. 2031 तक इनकी संख्या 25,000 से ज्यादा होने का अनुमान है. रियल एस्टेट भी इन निवेशकों के लिए एक अहम ऑप्शन बना हुआ है. आने वाले वर्षों में जैसे-जैसे बड़े निवेशक प्राइवेट इक्विटी, वेंचर कैपिटल, प्री-IPO और दूसरे अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट ऑप्शन में पैसा बढ़ाएंगे, बेहतर गवर्नेंस, टेक्नोलॉजी, प्रोफेशनल एक्सपर्ट्स और डेटा के आधार पर फैसले लेना ज्यादा जरूरी होगा.

कुल मिलाकर, 400 अरब डॉलर से 2 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा तक पहुंचने का अनुमान भारत के इन्वेस्टमेंट मार्केट में बड़े बदलाव की ओर इशारा करता है. अमीर निवेशक अब सिर्फ शेयर-बॉन्ड पर निर्भर रहने के बजाय ज्यादा ऑप्शन, डाइवर्सिफिकेशन और बेहतर रिटर्न की तलाश में प्राइवेट मार्केट की ओर बढ़ रहे हैं.

यह भी पढ़ें- NTPC Green Energy को मिला बड़ा पावर कॉन्ट्रैक्ट, सोमवार को रॉकेट बन सकता है शेयर!

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button