अम्बेडकरनगर में पीईटी-2026 को नकलविहीन और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में 23 परीक्षा केंद्रों पर 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को तीन दिनों में छह पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। इसमें कुल 9816 परीक्षार्थी
.
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक की। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बताया कि परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी।
परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।

अम्बेडकरनगर में पीईटी परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक की गई।
केंद्रों का निरीक्षण कर दूर करें कमियां
डीएम ने सभी मजिस्ट्रेट को आवंटित परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल समेत जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए। आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और बुकलेट का गहन अध्ययन कर परीक्षा से पहले, परीक्षा के दौरान और परीक्षा समाप्त होने के बाद की सभी प्रक्रियाओं का निर्धारित नियमों के अनुसार पालन कराया जाए।
उन्होंने प्रत्येक परीक्षा दिवस पर परीक्षा शुरू होने से पहले कक्ष निरीक्षकों की ब्रीफिंग कराने के भी निर्देश दिए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी या असुविधा न हो। डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान किसी केंद्र पर कमी मिलने पर तत्काल उसे दूर कराया जाए। स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान संभव नहीं होने पर उच्चाधिकारियों को तुरंत सूचना दी जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।