October 3, 2026

यूपी होमगार्ड भर्ती-2025 का रिजल्ट घोषित, 41,424 पदों पर हुआ चयन; ऐसे चेक करें रिजल्ट - India TV Hindi

यूपी होमगार्ड भर्ती-2025 का अंतिम चयन परिणाम आज (शनिवार को) जारी हो गया है। उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में 41,424 अभ्यर्थियों का होमगार्ड के पदों पर चयन हुआ है। 41,424 रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इस होमगार्ड भर्ती में 25 लाख 32 हजार 196 ऑनलाइन आवेदन मिले थे। आप अपना रिजल्ट यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट पर देख सकते हैं।

इसी साल अप्रैल में कराई गई थी लिखित परीक्षा

बता दें कि 74 जिलों में 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को यूपी होमगार्ड भर्ती- 2025 की लिखित परीक्षा करवाई गई थी। लिखित परीक्षा के बाद 1 लाख 7 हजार 221 अभ्यर्थियों को दस्तावेजों की समीक्षा और फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया गया था। लिखित परीक्षा, कागजात की जांच और मेडिकल टेस्ट के बाद मेरिट के आधार पर अंतिम चयन किया गया है। होमगार्ड भर्ती-2025 का अंतिम चयन परिणाम यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट पर जारी किया गया है।

कैसे चेक करें रिजल्ट?

यूपी होमगार्ड भर्ती-2025 का परिणाम देखने के लिए ये स्टेप्स फॉलो करें।

  1. सबसे पहले यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
  2. इसके बाद टॉप नोटिस में दिख रहे 'उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेंट- 2025 के अन्तर्गत अंतिम चयन परिणाम देखने हेतु लिंक' पर क्लिक करें।
  3. फिर आप अभ्यर्थी लॉग इन पर पहुंच जाएंगे।
  4. यहां अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और डेट ऑफ बर्थ भरें।
  5. अब जैसे ही आप साइन-इन करेंगे तो स्क्रीन पर आपको रिजल्ट दिखाई देगा।

आप रिजल्ट की हार्डकॉपी प्रिंट कर सकते हैं। इसके अलावा, सॉफ्ट कॉपी साथ रखने के लिए पीडीएफ के रूप में डाउनलोड भी कर सकते हैं।

पिछले साल नवंबर-दिसंबर में भरे गए थे फॉर्म

गौरतलब है कि यूपी होमगार्ड भर्ती-2025 के फॉर्म 17 नवंबर 2025 से 17 दिसंबर 2025 के बीच भरे गए थे। इन पदों पर आवेदन करने के लिए आयुसीमा 18 से 30 साल थी। यह उम्र 1 जुलाई 2025 के आधार गिनी गई थी। इसके अलावा, Age Relaxation अभ्यर्थियों को यूपी पुलिस होमगार्ड रिक्रूटमेंट रूल्स के हिसाब से दिया गया था।

क्या यूपी होमगार्ड एक स्थाई नौकरी है?

यूपी होमगार्ड एक अस्थायी, 'कॉल-अप' बेस्ड ड्यूटी है। होमगार्ड के पद पर एनरोल हुए कैंडिडेट्स को जरूरत पड़ने पर बुलाया जाता है। इसी के मुताबिक, होमगार्ड को दैनिक भत्ता मिलता है। होमगार्ड की जॉब ड्यूटी आधारित है। साथ ही, इनके लिए राज्य सरकार की तरफ से समय-समय पर महंगाई भत्ता भी निर्धारित होता है।

ये भी पढ़ें- नवोदय और केंद्रीय विद्यालय में टीचर भर्ती टियर-2 का रिजल्ट जारी, स्कोरकार्ड ऐसे करें डाउनलोड

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Results से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें एजुकेशन।