August 9, 2026

कांग्रेस ने 2023 में बड़े पैमाने पर सांसदों के निलंबन को याद किया, कहा-इतिहास दोहराया न जाए

नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने रविवार को याद दिलाया कि 2023 में संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान कैसे रिकॉर्ड संख्या में 146 सांसदों को निलंबित किया गया था और विपक्षी सदस्यों की नाममात्र मौजूदगी में कई अहम विधेयक पारित किए गए थे। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि “इतिहास दोहराया नहीं जाना चाहिए।”

रमेश की टिप्पणी अहम मानी जा रही है, क्योंकि यह संसद के मौजूदा मानसून सत्र के आखिरी हफ्ते से ठीक पहले आई है, जिसमें विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन (एफसीआरए) विधेयक, 2026 सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है।

कांग्रेस नेता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “13 दिसंबर 2023 को जब संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा था, तो दो लोग नारे लगाते हुए और कनस्तरों से पीला धुआं छोड़ते हुए दर्शक दीर्घा से लोकसभा में कूद पड़े।”

उन्होंने लिखा, “उसी समय संसद भवन के बाहर दो अन्य लोगों ने कनस्तर से रंगीन धुआं छोड़ा। यह सुरक्षा में एक चौंकाने वाली और गंभीर चूक थी।”

Join Our Whatsapp Group

रमेश ने कहा, “पूरे विपक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री से बार-बार बयान देने की मांग की, लेकिन उनकी ओर से कोई बयान नहीं आया। वह चुप रहे, ठीक उसी तरह जैसे पिछले महीने दिल्ली पुलिस की ओर से विरोध-प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ की गई बर्बरता के मामले में वह चुप हैं।”

उन्होंने कहा कि 14 दिसंबर 2023 से 21 दिसंबर 2023 के बीच रिकॉर्ड संख्या में 146 सांसदों (लोकसभा में 100 और राज्यसभा में 46) को निलंबित किया गया।

रमेश ने कहा कि रिकॉर्ड संख्या में निलंबन के बाद सत्र की बाकी अवधि में विपक्ष की नाममात्र मौजूदगी में संसद ने कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए।

उन्होंने कहा कि आपराधिक कानून में सुधार से जुड़े तीन विधेयकों को 20 दिसंबर को लोकसभा और 21 दिसंबर को राज्यसभा की मंजूरी मिल गई।

रमेश ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता, 2023 ने भारतीय दंड संहिता, 1860; भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 ने दंड प्रक्रिया संहिता, 1973; और भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 ने भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह ले ली।

कांग्रेस नेता ने याद दिलाया कि संबंधित अवधि में मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) विधेयक पारित किया गया था।

उन्होंने कहा, “इतिहास दोहराया नहीं जाना चाहिए।”

कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों को व्हिप जारी कर उनसे 10, 11 और 12 अगस्त को संबंधित सदन में मौजूद रहने को कहा, क्योंकि इन दिनों “बहुत महत्वपूर्ण” मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस) के सभी सहयोगी दलों से भी यह सुनिश्चित करने को कहा है कि उनके सभी सांसद इन तीन दिनों के दौरान संबंधित सदन में उपस्थित रहें।

भाषा

पारुल दिलीप

दिलीप