October 27, 2026

दिल्ली की मसौदा आईटी नीति में 200 से अधिक वैश्विक क्षमता केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य | IBC24

नयी दिल्ली, 27 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली सरकार 200 से अधिक वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) स्थापित करने और छह लाख युवाओं को डिजिटल कौशल का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इसके अलावा सभी अधिसूचित सरकारी सेवाओं को डिजिटल बनाने और प्रौद्योगिकी आधारित प्रशासन को मजबूत करने की भी योजना है।

अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग ने 2026-2031 के लिए आईटी नीति का मसौदा तैयार किया है। आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा।

मसौदे के अनुसार, दिल्ली में दो समर्पित नवाचार एवं प्रौद्योगिकी जिले स्थापित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए दक्षिण दिल्ली, द्वारका और पूर्वी दिल्ली को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया गया है।

इन जिलों में प्रौद्योगिकी कंपनियों और स्टार्टअप के लिए कार्यालय, प्रयोगशालाएं, साझा कार्यस्थल तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हालांकि, पांच साल की अवधि में कम-से-कम एक प्रौद्योगिकी जिला विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

मसौदे में 2027 तक दिल्ली राज्य डेटा केंद्र शुरू करने और 24 घंटे काम करने वाला साइबर सुरक्षा निगरानी केंद्र स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। यातायात प्रबंधन, प्रदूषण की निगरानी, सार्वजनिक स्वास्थ्य का पूर्वानुमान लगाने और धोखाधड़ी का पता लगाने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) तथा पूर्वानुमान विश्लेषण का इस्तेमाल किया जाएगा।

आईटी नीति के तहत वैश्विक क्षमता केंद्रों को बढ़ावा देने, उभरती प्रौद्योगिकियों और कौशल विकास के लिए तीन अलग-अलग कोष बनाने का प्रस्ताव है। इनमें प्रत्येक मद के लिए सालाना पांच-पांच करोड़ रुपये आवंटित करने की योजना है।

इसके अलावा, सरकारी प्रौद्योगिकी नवाचार के लिए सालाना 10 करोड़ रुपये का कोष प्रस्तावित है। ये आवंटन बजट प्रावधान और वित्त विभाग की सहमति पर निर्भर करेंगे।

मसौदा नीति का उद्देश्य वित्तीय प्रोत्साहन देकर दिल्ली को सूचना प्रौद्योगिकी निवेश, स्टार्टअप और उभरती प्रौद्योगिकियों का प्रमुख केंद्र बनाना है।

दिल्ली में कारोबार स्थापित करने की इच्छुक कंपनियों की मदद के लिए एक समर्पित जीसीसी सुविधा प्रकोष्ठ बनाया जाएगा, जो संपर्क के एकल केंद्र के रूप में काम करेगा।

मसौदे के मुताबिक, 500 से अधिक रोजगार सृजित करने वाले वैश्विक क्षमता केंद्रों को तीन साल तक प्रति कर्मचारी सालाना 25,000 रुपये का रोजगार प्रोत्साहन दिया जाएगा।

भाषा यासिर प्रेम

प्रेम

Web Title: दिल्ली की मसौदा आईटी नीति में 200 से अधिक वैश्विक क्षमता केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य