Aug 21, 2026 03:18 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
राहुल गांधी ने कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं होती, वे वहां से नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी मांग केवल इस परिवार के लिए न्याय की है। देश में अमित शाह के गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के जवान न्याय नहीं होने दे रहे हैं।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 20 जुलाई को छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा का मामला फिर जोरशोर से उठाया है। वह कथित तौर पर पैलेट गन के छर्रों से घायल साहिल लोचब के मामले में FIR दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर शुक्रवार को कांग्रेस नेताओं के साथ राहुल गांधी संसद मार्ग स्थित पुलिस उपायुक्त (DCP) कार्यालय के बाहर धरना दे रहे हैं। उन्होंने साफ-साफ कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं होगी, हम नहीं हटेंगे।
राहुल गांधी ने कहा, '20 जुलाई को कनॉट प्लेस में छर्रे वाली बंदूक (पेलेट गन) का इस्तेमाल किया गया था। एम्स की रिपोर्ट में बताया गया कि संबंधित व्यक्ति के शरीर के अंदर 200 से अधिक छर्रे हैं, जिनमें से तीन आंख में हैं। उनकी एक आंख की रोशनी चली गई है। कुछ छर्रे दिल के पास भी हैं, जिन्हें निकाला नहीं जा सकता।'
पुलिस को ऊपर से आदेश मिला है: राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसने पैलेट गन नहीं चलाई, ऐसे में सवाल उठता है कि गोली किसने चलाई।’ उन्होंने कहा कि अपराध हुआ है और उनकी मांग है कि इस मामले में FIR दर्ज की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने बताया है कि उसे ऊपर से आदेश मिला है और वह एफआईआर दर्ज नहीं कर सकती।
रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान संसद पुलिस स्टेशन के बाहर पहुंच गए। राहुल गांधी DCP से मुलाकात के बाद भी यहीं मौजूद हैं। उनके साथ साहिल लोचव भी हैं, जो पिछले महीने जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल हो गए थे। राहुल गांधी जोर दे रहे हैं कि लोचव की लिखित पुलिस शिकायत पर FIR दर्ज की जाए। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत पार्टी के कई नेता भी यहां मौजूद हैं।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया, 'नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा लगातार राहुल गांधी के संपर्क में हैं। शिकायत पीड़िता ने दर्ज कराई है। 20 जुलाई को दर्ज किए गए सभी मामलों की जांच दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच पहले ही कर रही है। शिकायतकर्ता से कहा गया है कि उनकी शिकायत भी क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी।'
साहिल लोचव की वकील ने क्या कहा
पैलेट गन से घायल हुए साहिल लोचव की वकील ने कहा, '14 अगस्त को हम कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन गए थे। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर से जुड़े सभी मामले पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन भेज दिए गए हैं। हम यहां आए। उन्होंने हमें बताया कि घटना कनॉट प्लेस इलाके में हुई है, इसलिए हमें वहीं जाना चाहिए। हम वापस उनके पास गए। जैसे ही उन्होंने शिकायत पढ़ी, उन्होंने उसे हमें वापस कर दिया और हमें काफी देर तक वहीं बिठाए रखा।'
महिला वकील ने आगे कहा, 'SHO ने मुझसे फोन पर बात की और कहा कि वे यह केस नहीं लेंगे क्योंकि उन्हें ऊपर से आदेश मिले हैं। आखिर में, हमने DCP क्राइम ब्रांच से संपर्क किया और हमें बताया गया कि शिकायतें सीधे वहां नहीं पहुंचतीं। नेता प्रतिपक्ष के यहां आने के बाद शिकायत पर सिर्फ मुहर लगाई गई लेकिन अभी भी FIR दर्ज नहीं की जा रही है। यह साफ तौर पर एक अपराध है। हमारे पास लेडी हार्डिंग अस्पताल की MLC कॉपी है जिसमें घाव और उनसे खून बहने का जिक्र है।'
