विज्ञापन
सार
MP IAS Transfer: मध्य प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 जिलों के कलेक्टर बदले, अजय कटेसरिया रतलाम तो सुदाम खाड़े सीएम सचिवालय में सचिव नियुक्त, कई सीनियर आईएएस अफसरों के विभाग बदले।

मध्य प्रदेश आईएएस ट्रांसफर (सोर्स- सोशल मीडिया)
विस्तार
Madhya Pradesh IAS Transfer: मध्य प्रदेश सरकार ने बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों की नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में छह जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, जबकि मंत्रालय और मुख्यमंत्री सचिवालय में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है। आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट, कृषि वर्ष और राज्य की प्रमुख विकास परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए यह प्रशासनिक बदलाव अहम माना जा रहा है।
6 जिलों में नए कलेक्टर, कई अधिकारियों का तबादला
सरकार ने रतलाम, शहडोल, अनूपपुर, खरगोन, मंदसौर और आगर मालवा में नए कलेक्टर नियुक्त किए हैं। अजय कटेसरिया को रतलाम, मिशा सिंह को शहडोल, रत्नाकर झा को अनूपपुर, गुरु प्रसाद को खरगोन, दिव्यांक सिंह को मंदसौर और डॉ. शेर सिंह मीना को आगर मालवा का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं शहडोल कलेक्टर केदार सिंह को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग को ओएसडी सह आयुक्त, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग भेजा गया है, जबकि आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव को औद्योगिक विकास निगम, इंदौर का कार्यकारी संचालक बनाया गया है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल के दो वर्ष की स्टडी लीव पर जाने के कारण वहां गुरु प्रसाद की नियुक्ति की गई है।
मंत्रालय और मुख्यमंत्री सचिवालय में भी बड़े बदलाव
अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा को मंत्रालय से हटाकर प्रशासन अकादमी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव बनाया गया है, जबकि भास्कर लक्षकार को नया इंदौर संभागायुक्त नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को उद्योग एवं एमएसएमई विभाग की जिम्मेदारी सौंपते हुए जनवरी 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट की तैयारियों की कमान भी दी गई है।
सम्बंधित ख़बरें
प्रदर्शन के आधार पर मिली अहम जिम्मेदारियां
सरकार ने कई अधिकारियों को उनके कार्यों के आधार पर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पदोन्नति नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले उप सचिव अजय कटेसरिया को रतलाम कलेक्टर बनाया गया है। कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव की जिम्मेदारी मिली है। संदीप यादव को जल संसाधन विभाग के साथ केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की जिम्मेदारी दी गई है। के.सी. गुप्ता को एपीसी के साथ उद्यानिकी विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
यह भी पढ़ें: MP Weather Update: मध्य प्रदेश में झमाझम मानसून! भोपाल-इंदौर समेत 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
ऊर्जा, उद्योग और वन विभाग में भी नई जिम्मेदारियां
राज्य सरकार ने प्रमुख सचिव मनीष सिंह (सीनियर) को ऊर्जा विभाग का प्रभार सौंपा है। वहीं उद्योग वर्ष के सफल क्रियान्वयन में भूमिका निभाने वाले राघवेन्द्र सिंह को महत्वपूर्ण वन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। सरकार का मानना है कि इन नई नियुक्तियों से प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और निवेश, उद्योग, कृषि तथा आधारभूत विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी। यह फेरबदल आने वाले वर्षों की प्रमुख सरकारी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर किया गया महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।
