September 27, 2026

मधेपुरा- 20 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने 504 मरीजों की जांच की: 16 विभागों की लगी निशुल्क मेगा हेल्थ कैंप; AI जांच मशीनें सिविल सर्जन को दान होंगी - Madhepura News

मधेपुरा के जीवन सदन में रविवार को स्वर्गीय डॉ. अरुण कुमार मंडल की जयंती की पूर्व संध्या पर निशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।

.

भारतीय शल्य चिकित्सक संघ (ASI) बिहार चैप्टर, आईएमए मधेपुरा शाखा और लायंस क्लब के संयुक्त आयोजन में IGIMS, PMCH और पटना के निजी अस्पतालों से 16 विभागों के 20 विशेषज्ञ डॉक्टर पहुंचे।

शिविर में 504 मरीजों की जांच की गई। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आगे के इलाज और प्रबंधन को लेकर भी मार्गदर्शन किया। शिविर का उद्घाटन पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति राजीव रॉय ने किया।

स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार के सहयोग की जरूरत

न्यायमूर्ति राजीव रॉय ने कहा कि मधेपुरा की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार हुआ है, लेकिन इसे और बेहतर बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ सरकार के सहयोग की जरूरत है। स्वास्थ्य को सभी को प्राथमिकता देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी स्तर पर कमी हो तो लोग इसकी जानकारी सरकार और प्रशासन को दें, ताकि उस पर ध्यान दिया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय डॉ. एके मंडल उनके लिए पितातुल्य थे। उनके दोनों पुत्र स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में काम कर पिता की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।

जिला जज गुरविंदर सिंह मल्होत्रा ने कहा कि इस तरह के शिविर लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हैं। स्वास्थ्य ही धन है, इसलिए हर व्यक्ति को इसे प्राथमिकता देनी चाहिए।

डीआईजी एके पांडे ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. मंडल के प्रयास से आईजीआईएमएस के विशेषज्ञ चिकित्सक मधेपुरा पहुंचे हैं। लोगों को इसका अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपना स्वास्थ्य मूल्यांकन कराना चाहिए।

एसपी डॉ. संदीप सिंह ने कहा कि खुद डॉक्टर होने के नाते वह समझते हैं कि 16 विभागों के 20 विशेषज्ञों को एक साथ मधेपुरा लाना आसान नहीं है। डॉ. मनीष मंडल और उनकी टीम ने लोगों के स्वास्थ्य के लिए समय और ऊर्जा लगाई, यह सराहनीय प्रयास है।

न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और गैस्ट्रो में ज्यादा मरीज

एएसआई बिहार चैप्टर के सचिव और स्वर्गीय डॉ. एके मंडल के पुत्र डॉ. मनीष मंडल ने बताया कि शिविर में गैस्ट्रो सर्जरी, गैस्ट्रो मेडिसिन, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, एंडोक्राइनोलॉजी, नेत्र रोग, सर्जरी, मेडिसिन, ऑर्थोपेडिक, बाल रोग, स्त्री रोग, डायटेटिक्स और ईएनटी विभाग के विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की।

न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, गैस्ट्रो मेडिसिन और पल्मोनोलॉजी विभाग में मरीजों की संख्या अधिक रही।

AI से आंखों की जांच, बोन स्कैन और ईसीजी की सुविधा

स्वर्गीय डॉ. अरुण कुमार मंडल के छोटे पुत्र आशीष आनंद ने बताया कि शिविर में रेटिनोपैथी की जांच के लिए एआई आधारित नेत्र जांच, विटामिन-डी के लिए बोन स्कैन, ब्लड शुगर टेस्ट और आधुनिक मशीन से ईसीजी की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

उन्होंने बताया कि एआई आधारित ब्लड एनालिसिस मशीन और आई स्कैन मशीन भविष्य में मधेपुरा के सिविल सर्जन को दान की जाएंगी। इससे जिले के लोगों को इन अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का निशुल्क लाभ मिल सकेगा।

मौके पर भी मरीजों का पंजीकरण कर जांच की गई

शिविर में पहले से पंजीकृत मरीजों के साथ मौके पर पंजीकरण कराने वाले मरीजों की भी जांच की गई। जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को आगे के इलाज के लिए सलाह दी।

डॉ. मनीष मंडल ने बताया कि स्वर्गीय डॉ. एके मंडल के आगामी जन्मदिनों पर भी इस तरह के निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।

डॉक्टरों और तकनीकी कर्मचारियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में शिविर में शामिल डॉक्टरों और तकनीकी कर्मचारियों को अतिथियों की ओर से सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन मनीष सर्राफ ने किया।

मौके पर सुधांशु कुमार, सुशील कुमार, गजेंद्र कुमार, विवेक सर्राफ, आलोक मंडल समेत लायंस क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे।