
सिंहगढ़ किले पर कपड़ों को लेकर भिड़े पर्यटक.
Pune News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के ऐतिहासिक सिंहगढ़ किले पर पर्यटकों के बीच कपड़ों को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में भारी बारिश और धुंध के बीच पर्यटकों के दो गुट एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं. घटना के बाद पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है.
शॉर्ट्स पहनने को लेकर शुरू हुआ विवाद
विवाद एक युवती के शॉर्ट्स पहनने को लेकर शुरू हुआ. आरोप है कि एक ग्रुप ने युवती के कपड़ों पर आपत्ति जताई. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि इस दौरान एक पुरुष पर्यटक के साथ मारपीट की गई और उसे कई थप्पड़ मारे गए. उसकी पत्नी के साथ भी बदसलूकी और धक्का-मुक्की की गई. आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
ये भी पढ़ें- पहाड़ी पर खड़ा था 18 साल का बेटा, बचाने पहुंचे मां-बाप कुछ ही देर में उजड़ गया पूरा परिवार
कई पर्यटकों के साथ मारपीट का आरोप
पुलिस के मुताबिक, जिस ग्रुुप पर विवाद शुरू करने का आरोप है, उस पर अन्य पर्यटकों के साथ भी मारपीट करने के आरोप हैं. शिकायत में थप्पड़ मारने के साथ प्लास्टिक की छड़ों से हमला करने की बात भी कही गई है. घटना में कुछ पर्यटकों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा कि यह घटना सिंहगढ़ किले पर तानाजी मालुसरे की समाधि के पास हुई. मारपीट के बाद पीड़ित पर्यटक किले से नीचे उतरे. वहां मौजूद पुलिस गश्ती दल को पूरी घटना की जानकारी दी.
आठ लोगों के खिलाफ FIR
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की. हवेली पुलिस ने समस्त हिंदू बांधव समाज से जुड़े आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं. पुलिस ने दंगा, गैरकानूनी जमावड़ा, मारपीट और आपराधिक धमकी समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है. आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं.
पर्यटकों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सिंहगढ़ किले पर पर्यटकों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. हाल के दिनों में किले पर पर्यटकों के बीच विवाद और झगड़े की घटनाएं सामने आती रही हैं. भारी बारिश और धुंध के बीच हुई इस घटना ने एक बार फिर ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत को सामने ला दिया है.

जयप्रकाश सिंह
जयप्रकाश सिंह का नाम देश के चुनिंदा क्राइम रिपोर्टर में आता है. लंबे समय से टीवी जर्नलिस्ट के तौर पर सेवाएं जारीं. करीब तीन दशकों से सक्रिय पत्रकारिता का हिस्सा. प्रोड्यूसर, एंकर और क्राइम रिपोर्टर की भूमिका. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में एसोसिएट एडिटर के रूप में मुंबई से कार्यरत. इसके पहले 2012 से 2022 तक मुंबई में इंडिया टीवी के ब्यूरो चीफ रहे. 2005 से 2012 तक नेटवर्क18 ग्रुप के आईबीएन7 चैनल में डिप्टी ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाली. 2004 से 2005 तक सहारा समय मुंबई में बतौर सीनियर स्पेशल कॉरस्पॉन्डेंट काम किया. 2002 से 2004 तक मुंबई ब्यूरो में बीएजी फिल्म्स के चीफ रहे. नवभारत टाइम्स मुंबई में 1997 में जॉइन किया और यहां 2 साल काम किया. इससे पहले भी चार संस्थानों में काम किया.
Read More