July 20, 2026

बिलासपुर चौकीदार हत्याकांड में 2 आरोपी गिरफ्तार: समाज के लोगों ने रैली निकालकर किया प्रदर्शन, नौकरी-मुआवजा की मांग, SSP बोले-भड़काने वालों पर होगी कार्रवाई - Bilaspur (Chhattisgarh) News

बिलासपुर के प्लेस ऑफ सेफ्टी (विशेष गृह) में चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे हत्याकांड मामले में पुलिस ने फरार एक आरोपी को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार किया है। मामले में अब भी दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश रायगढ़ और उत्तर प्रदेश में की जा रही है।

.

एसएसपी रजनेश सिंह ने दावा किया है कि फरार दोनों आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले में परिजनों को भड़काने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मृतक के परिवार और समाज के लोगों ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर सोमवार को अंबेडकर चौक से रैली निकालकर प्रदर्शन किया।

12 जुलाई की रात हुई थी चौकीदार की हत्या

बता दें कि सरकंडा थाना क्षेत्र के नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह (प्लेस ऑफ सेफ्टी) में 12 जुलाई की रात चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या कर विशाल चौबे और 3 किशोर अपचारी फरार हो गए थे। घटना के बाद सरकंडा थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की थीं।

पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कोरबा, रायगढ़, बिहार, अनूपपुर और उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश दी। इससे पहले एक किशोर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस ने पटना से विशाल चौबे को भी पकड़ लिया है।

मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर समाज का प्रदर्शन

घटना के बाद से मृतक के परिजन और समाज के लोग आंदोलन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि परिवार को 1 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। मांग पूरी नहीं होने तक परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया है।

इसके चलते नरेंद्र खांडे का शव पोस्टमार्टम के बाद सिम्स अस्पताल की मर्चूरी में सुरक्षित रखा गया है। सोमवार को परिजन और समाज के लोगों ने अंबेडकर चौक से नूतन चौक तक रैली निकाली और बाल संप्रेक्षण गृह के सामने धरने पर बैठ गए।

SSP बोले- भड़काने वालों पर होगी कार्रवाई

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि कुछ लोग मृतक के परिजनों को ऐसी मांगों के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिनका कानूनी आधार नहीं है। उन्होंने बताया कि शासन के नियमों के अनुसार मुआवजा और सहायता की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि धरना जारी रखने के लिए परिजनों को उकसाने वालों के खिलाफ पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। एसएसपी के मुताबिक, कुछ लोग पहले से गंभीर अपराधों में आरोपी हैं और जमानत पर बाहर हैं। ऐसे लोगों की जमानत निरस्त कराने के लिए न्यायालय में कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन कर रहा समझाइश

पुलिस और जिला प्रशासन लगातार परिजनों और धरने पर बैठे लोगों से बातचीत कर रहे हैं। अधिकारियों ने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और धरना समाप्त करने की अपील की है।

मृतक की पत्नी की तबीयत बिगड़ी, सिम्स में भर्ती

शनिवार को मृतक नरेंद्र खांडे की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई थी। एसडीएम के निर्देश पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसके बाद डॉक्टरों ने अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी।

शुरुआत में उन्होंने अस्पताल जाने से मना कर दिया था, लेकिन तहसीलदार और सरकंडा थाना प्रभारी की समझाइश के बाद देर रात उन्हें सिम्स में भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।