July 27, 2026

श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में होंगे धार्मिक आयोजन : 2 अगस्त को होगा ऐतिहासिक वर्षायोग मंगल कलश स्थापना समारोह - Haribhoomi

रायपुर के श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में मुनि श्री आगम सागर जी ससंघ के सानिध्य में चातुर्मास, गुरु पूर्णिमा, वीर शासन जयंती और 2 अगस्त को भव्य मंगल कलश स्थापना होगी।

Muni Shri Agam Sagar Ji giving sermon

प्रवचन देते मुनि श्री आगम सागर जी

  • Published: 27 Jul 2026, 08:32 PM IST
  • Last Updated: 27 Jul 2026, 08:32 PM IST

रायपुर। राजधानी के मालवीय रोड स्थित श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में पूज्य मुनि श्री 108 आगम सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठानों की भव्य श्रृंखला आयोजित की जा रही है। श्री नवोदय तीर्थ वर्षायोग 2026 समिति एवं सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में चातुर्मास संकल्प विधि, गुरु पूर्णिमा, वीर शासन जयंती और ऐतिहासिक वर्षायोग मंगल कलश स्थापना जैसे कई प्रमुख आयोजन होंगे।

समिति अध्यक्ष नरेंद्र जैन गुरुकृपा एवं कार्यकारी अध्यक्ष संजय नायक जैन ने बताया कि अष्टान्हिका महापर्व के अंतर्गत सोमवार को मूलनायक भगवान की बेदी के समक्ष अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन मुनि श्री आगम सागर जी महाराज के मुखारविंद से संपन्न हुआ। शांतिधारा का सौभाग्य राजनांदगांव निवासी आदेश जैन एवं मंजुलता जैन परिवार को प्राप्त हुआ। मुनि संघ को आहार देने का सौभाग्य भी विभिन्न श्रद्धालु परिवारों को मिला। वहीं प्रतिदिन शाम 7 बजे आयोजित 'एक शाम प्रभु के नाम' भक्तांबर पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। 

Muni Shri Agam Sagar Ji giving sermon

आगामी प्रमुख आयोजन
समिति ने बताया कि 28 जुलाई को प्रातः 8 बजे चातुर्मास संकल्प विधि आयोजित होगी, जिसमें मंगल कलश स्थापना की संकल्प विधि एवं पूज्य मुनि संघ के मांगलिक प्रवचन होंगे। 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आचार्य श्री गुणानुवाद सभा, पूजन एवं विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 30 जुलाई को वीर शासन जयंती के अवसर पर भगवान महावीर का विशेष पूजन एवं पूज्य मुनि श्री की मंगल देशना होगी।

मंगल कलश स्थापना का होगा आयोजन
वहीं 2 अगस्त को आयोजित होने वाला 'श्री नवोदय तीर्थ वर्षायोग 2026 मंगल कलश स्थापना समारोह' इस धार्मिक श्रृंखला का मुख्य आकर्षण रहेगा। इस दिन सुबह 8 बजे भव्य कलश यात्रा, 9 बजे अभिषेक एवं शांतिधारा तथा दोपहर 1 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मंगल कलश स्थापना का भव्य आयोजन किया जाएगा।

समिति ने श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील 
समिति ने रायपुर सहित आसपास के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक आयोजनों का लाभ लेने और गुरु भक्ति का पुण्य अर्जित करने की अपील की है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)