Updated On: Jul 27, 2026 | 10:13 AM IST
विज्ञापन
सार
Seattle Gunfire: अमेरिका में स्पेस नीडल के पास आयोजित वार्षिक फूड फेस्टिवल में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई। घायलों में दो साल का बच्चा भी शामिल है। पुलिस जांच जारी है।

अमेरिका के बाइट ऑफ सिएटल फूड फेस्टिवल में गोलीबारी, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
विस्तार
US Seattle Gunfire News In Hindi: अमेरिका के सिएटल शहर में रविवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल स्पेस नीडल के पास आयोजित एक फूड फेस्टिवल के दौरान अंधाधुंध गोलीबारी हुई।
इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो साल के मासूम बच्चे सहित पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और पुलिस ने इसे ‘मास कैजुअल्टी’ घटना घोषित कर दिया है।
फूड फेस्टिवल में मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार शाम करीब 6 बजे सिएटल सेंटर में हुई। उस समय वहां वार्षिक बाइट ऑफ सिएटल फूड फेस्टिवल चल रहा था, जो स्पेस नीडल से महज एक ब्लॉक की दूरी पर स्थित है। इस लोकप्रिय आयोजन में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे, तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई दी।
सम्बंधित ख़बरें
वहां मौजूद लोगों के अनुसार, गोलियां चलते ही उत्सव का माहौल मातम में बदल गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हमले में कई घायल
सिएटल फायर डिपार्टमेंट ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमले में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। घायलों में एक 2 साल का बच्चा, तीन महिलाएं और एक 23 वर्षीय युवक शामिल है। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, घायल महिलाओं में से एक 56 वर्षीय महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। अन्य घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
A mass shooting at Seattle Center has left at least two people dead and five others injured. pic.twitter.com/rLoBQxNm4f — MENA OSINT (@ArabiaPost) July 27, 2026
पुलिस और FBI की संयुक्त जांच शुरू
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिएटल पुलिस ने तुरंत पूरे सिएटल सेंटर और आसपास के इलाके को खाली करवा लिया। सुरक्षा बलों ने हमलावर की तलाश में सघन घेराबंदी की है। इस जांच में स्थानीय पुलिस के साथ संघीय जांच एजेंसी (FBI) के अधिकारी भी शामिल हो गए हैं। पुलिस ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से अपील की है कि वे जांच पूरी होने तक उस क्षेत्र से दूर रहें।
अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं
प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि अभी तक हमलावर की पहचान नहीं हो पाई है और न ही किसी संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हमला किसी रंजिश का परिणाम था या इसके पीछे कोई आतंकी साजिश थी।
यह भी पढ़ें:- बर्लिन प्राइड हमला: वैन से भीड़ को रौंदने वाला अब्दुल बल्लूट एनकाउंटर में ढेर, IS से जुड़े थे तार!
सिएटल पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि वे आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावर का सुराग मिल सके। इस खौफनाक घटना ने एक बार फिर अमेरिका में ‘गन कल्चर’ और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
