September 15, 2026

2.7 सेकेंड में 100 की स्पीड, 1,140bhp की ताकत, भारत आ रही ये दमदार कार

भारत में इलेक्ट्रिक कारों का बाजार जल्द ही और दिलचस्प होने वाला है. चीन की दिग्गज कार निर्माता कंपनी बीवाईडी अपनी प्रीमियम ब्रांड डेन्जा को भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है. कंपनी की पहली बड़ी पेशकशों में डेन्जा Z9 GT शामिल हो सकती है. यह इलेक्ट्रिक कार करीब 1,140bhp की ताकत के साथ महज 2.7 सेकेंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है. इसमें करीब 600 किलोमीटर की रेंज और बेहद तेज चार्जिंग तकनीक मिलने की बात कही गई है.

2.7 सेकेंड में 100 की रफ्तार

डेन्जा Z9 GT की सबसे बड़ी खासियत इसका ट्राई-मोटर सेटअप है. इसमें एक इलेक्ट्रिक मोटर आगे और दो मोटर पीछे के पहियों को ताकत देती हैं. तीनों मोटर मिलकर 850 किलोवॉट यानी करीब 1,140bhp की ताकत पैदा करती हैं. इसका अधिकतम टॉर्क 1,210Nm है. करीब 2.9 टन वजन होने के बावजूद यह कार महज 2.7 सेकेंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 270 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है.

600KM रेंज और फास्ट चार्जिंग

डेन्जा Z9 GT में 122.5kWh की सेकेंड जेनरेशन ब्लेड बैटरी दी गई है. बीवाईडी की सेल-टू-बॉडी तकनीक के तहत बैटरी को कार के स्ट्रक्चर में ही शामिल किया गया है. कंपनी करीब 600 किलोमीटर की डब्ल्यूएलटीपी रेंज का दावा करती है. कार में फ्लैश चार्जिंग तकनीक भी मिलेगी. सही चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मिलने पर यह 1,500 किलोवॉट तक की चार्जिंग ले सकती है. कंपनी के मुताबिक 10 से 70 फीसदी चार्ज सिर्फ 5 मिनट और 10 से 97 फीसदी चार्ज 9 मिनट में हो सकता है.

बड़े साइज के साथ हाईटेक फीचर्स

डेन्जा Z9 GT की लंबाई 5,180mm, चौड़ाई 1,990mm और व्हीलबेस 3,125mm है. इसमें एयर सस्पेंशन के साथ रियर-व्हील स्टीयरिंग दिया गया है, जिससे बड़ी कार को मोड़ना आसान होता है. यह सिस्टम जरूरत पड़ने पर कार को साइड में क्रैब की तरह चलाने में भी मदद कर सकता है. कार के केबिन में पांच स्क्रीन दी गई हैं. इसके अलावा कैमरा आधारित एक्सटीरियर मिरर, मसाज, हीटिंग और वेंटिलेशन जैसे फीचर्स भी मिलते हैं.

2026 के अंत तक हो सकती है एंट्री

बीवाईडी अपनी मौजूदा एट्टो 3, ईमैक्स 7, सील और सीलियन 7 से ऊपर डेन्जा को प्रीमियम ब्रांड के तौर पर पेश करेगी. भारत में Z9 GT के साथ D9 लग्जरी एमपीवी भी शुरुआती मॉडल में शामिल हो सकती है. दोनों मॉडल के लिए दिल्ली-एनसीआर और मुंबई जैसे बड़े लग्जरी कार बाजारों में अलग डेन्जा आउटलेट शुरू किए जाने की उम्मीद है. रिपोर्ट के मुताबिक Z9 GT की अनुमानित कीमत 1.2 करोड़ से 1.5 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है. इसके 1,140bhp की ताकत, हाईटेक फीचर्स और तेज चार्जिंग को इसकी बड़ी खूबियों में गिना जा रहा है.

ये भी पढ़ें: भारत की टॉप-5 125cc बाइक, नंबर वन की लाखों में पहुंची सेल, देखें लिस्ट

विशाल मैथिल

विशाल मैथिल

भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.

Read More

google button