Balrampur News: छत्तीसगढ़ में बलरामपुर जिले के कोदौरा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम चितमा के जंगल में मिले युवक के कटे हुए सिर की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है. पुलिस ने मृतक वसीम अंसारी का धड़ भी झाड़ियों से बरामद कर लिया है. मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके पति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे महिला से कथित अवैध संबंध और उसे लगातार परेशान करने की बात सामने आई है. हालांकि, मृतक के परिजनों ने हत्या की वजह जमीन विवाद बताई है.
जानकारी के अनुसार, जंगल में वसीम अंसारी का सिर मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के इलाके की तलाशी ली, जिसके दौरान मृतक का धड़ भी झाड़ियों से बरामद किया गया. शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंके जाने की बात सामने आई है.
अवैध संंबंध बने हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पता चला कि वसीम का एक महिला से कथित संबंध था. आरोप है कि वसीम महिला को लगातार परेशान कर रहा था. महिला ने इसकी जानकारी अपने पति को दी, जिसके बाद दोनों ने वसीम की हत्या की साजिश रची. पुलिस का कहना है कि 2 अक्टूबर को महिला ने फोन कर वसीम को अपने घर बुलाया था. वसीम घरवालों से टमाटर लोड कराने जाने की बात कहकर निकला था. पुलिस के अनुसार, महिला के घर पहुंचने के बाद महिला और उसके पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया गया.
वहीं, मृतक के परिजनों ने पुलिस की कहानी से अलग हत्या की वजह जमीन विवाद बताई है. मृतक की पत्नी के मुताबिक, जिस जमीन को लेकर विवाद था, उसे करीब 80 हजार रुपये में लीज पर लिया गया था. परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जंगल में मिली थी स्कूटी
मृतक के भांजे तौसीफ अंसारी ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे वसीम दोस्त का फोन आने और टमाटर लोड कराने की बात कहकर घर से निकला था. बाद में फोन करने पर उसने कॉल रिसीव नहीं की. अगले दिन जंगल के पास उसकी स्कूटी खड़ी मिलने की जानकारी मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे.
बलरामपुर की एडिशनल एसपी विश्वदीपक त्रिपाठी ने बताया कि कटा हुआ सिर मिलने के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की. जांच में दंपती की संलिप्तता सामने आई है. दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

बृजेन्द्र कुमार
बृजेंद्र कुमार छत्तीसगढ़ के बलरामपुर रामानुजगंज जिले का रहने वाले हैं. उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत लोकस्वर दैनिक पत्रिका से वर्ष 2019 में की थी. एक वर्ष प्रिंट मीडिया में काम करने के बाद साल 2020 में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े और जनतंत्र टीवी के साथ नई पारी की शुरुआत की. उन्होंने यहां 2022 तक काम किया. इसके बाद न्यूज वन इंडिया और नेटवर्क 10 न्यूज़ में काम किया. यहां से निकलने के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के रीजनल चैनल टीवी 24 न्यूज़ से जुड़े. फिर न्यूज़ वर्ल्ड मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ में भी काम किया. बृजेंद्र जनता से जुड़ी समस्याओं और राजनीतिक उठापटक में ज्यादा रुचि रखते हैं. उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय रायपुर से BA(JMC) की पढ़ाई की है.
Read More