
एसटीएफ में तैनात दरोगा रणेंद्र कुमार सिंह
Prayagraj STF Sub Inspector Bribery Case: संगम नगरी प्रयागराज एसटीएफ के एक दरोगा पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है. आरोप है कि दरोगा ने शराब तस्करी के मुकदमे से नाम निकलवाने के बदले दो गाय, एक भैंस, जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता और कुर्सी-मेज खरीदने के लिए 35 हजार रुपये की मांग की. शिकायतकर्ता की ओर से ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य सबूत उपलब्ध कराए गए हैं.
शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराई गई ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य सबूतों की जांच के बाद हरियाणा के हिसार में दरोगा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ में तैनात दरोगा रणेंद्र कुमार सिंह पर आरोप है कि उन्होंने मनवीर सिंह से रिश्वत के तौर पर इन सामानों और पशुओं की मांग की.
हरियाणा के एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंपे सबूत
आरोप यह भी है कि दरोगा ने मनवीर से कहा था कि मांग पूरी करने पर शराब तस्करी के मुकदमे से उसका नाम निकलवा दिया जाएगा. मामले में शिकायतकर्ता मनवीर सिंह ने दरोगा से बातचीत की करीब 45 ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट हरियाणा के एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंपे. जांच के दौरान रिकॉर्डिंग और अन्य सबूतों की पड़ताल की गई.
साल 2023 में अवैध शराब तस्करी का केस हुआ था दर्ज
इसके बाद 6 अक्टूबर को दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई. दरअसल, मनवीर सिंह के खिलाफ प्रयागराज के नवाबगंज थाने में 2 सितंबर 2023 को अवैध शराब तस्करी का मुकदमा दर्ज हुआ था. आरोप है कि इसी मामले से नाम निकलवाने के बदले दरोगा ने रिश्वत की मांग की. शिकायतकर्ता मनवीर सिंह उर्फ मनु हरियाणा के हिसार जिले के ब्यानाखेड़ा गांव के निवासी बताए गए हैं.
फिलहाल, इस मामले में दरोगा पर लगे आरोपों को लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.
ये भी पढ़ें: 10 चोटें, लिपस्टिक के निशान और मॉडल गर्लफ्रेंड पर वो आरोप लखनऊ के शिवा शर्मा डेथ केस में नए खुलासे

मनीष वर्मा
मनीष वर्मा 21 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वो IBN7, न्यूज़ एक्सप्रेस, नेशनल वॉयस, MH-1 न्यूज़ चैनल तथा न्यूज़-ट्रैक , इंडियन ओपिनियन में काम कर चुके हैं. मुख्य रूप से 'बुंदेलखंड की भूख- अवार्डेड स्टोरी ऑफ IBN7', चार महाकुम्भ/अर्धकुंभ (2001, 2007, 2013, 2019), महेश योगी समाधि का अंतराष्ट्रीय कार्यक्रम, कुख्यात डकैत ददुआ एनकाउंटर, कुख्यात डकैत ठोकिया द्वारा 7 जवानों की नृशंस हत्या की स्पेशल कवरेज कर चुके हैं.
Read More