त्योहारों पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पुणे–गोरखपुर और मुंबई CSMT–गोरखपुर के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। दोनों ट्रेनें भोपाल, इटारसी, खंडवा और बीना समेत भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाएगा
- Published: 11 Sep 2026, 04:01 PM IST
- Last Updated: 11 Sep 2026, 04:01 PM IST
भोपाल। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। पुणे-गोरखपुर और मुंबई सीएसएमटी-गोरखपुर स्पेशल ट्रेनें भोपाल मंडल के प्रमुख स्टेशनों से होकर चलेंगी। दोनों ट्रेनों के संचालन से महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
पुणे–गोरखपुर स्पेशल के 44 फेरे
गाड़ी संख्या 01415/01416 पुणे-गोरखपुर-पुणे दैनिक स्पेशल का संचालन पुणे से 9 अक्टूबर से 21 नवंबर 2026 तक और गोरखपुर से 10 अक्टूबर से 22 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस ट्रेन के कुल 44 फेरे होंगे।
पुणे से यह ट्रेन सुबह 6:50 बजे रवाना होकर दौंड कॉर्ड लाइन, अहमदनगर, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल और खंडवा होते हुए इटारसी रात 9:10 बजे और भोपाल रात 11:15 बजे पहुंचेगी। इसके बाद बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा और बस्ती होते हुए शाम 4 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01416 गोरखपुर से शाम 5:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन भोपाल सुबह 10:05 बजे और इटारसी दोपहर 12:10 बजे पहुंचेगी। इसके बाद खंडवा, भुसावल, मनमाड, अहमदनगर और दौंड कॉर्ड लाइन होते हुए अगले दिन सुबह 3:30 बजे पुणे पहुंचेगी।
18 कोच की रहेगी ट्रेन
इस स्पेशल ट्रेन में 6 शयनयान, 6 सामान्य, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 2 एसएलआरडी, यानी कुल 18 आईसीएफ कोच रहेंगे।
मुंबई CSMT-गोरखपुर स्पेशल के 43 फेरे
गाड़ी संख्या 01079/01080 मुंबई सीएसएमटी-गोरखपुर-मुंबई सीएसएमटी दैनिक स्पेशल मुंबई सीएसएमटी से 9 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक और गोरखपुर से 11 अक्टूबर से 22 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस ट्रेन के कुल 43 फेरे होंगे।
मुंबई सीएसएमटी से यह ट्रेन रात 10:30 बजे रवाना होगी। दादर, ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, मनमाड, जलगांव, भुसावल और खंडवा होते हुए इटारसी दोपहर 1:05 बजे और भोपाल दोपहर 3:55 बजे पहुंचेगी। इसके बाद बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 01080 गोरखपुर से दोपहर 2:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन भोपाल सुबह 6:30 बजे और इटारसी सुबह 8:40 बजे पहुंचेगी। इसके बाद खंडवा, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण, ठाणे और दादर होते हुए रात 12:40 बजे मुंबई सीएसएमटी पहुंचेगी।
24 कोच की रहेगी ट्रेन
मुंबई-गोरखपुर स्पेशल में 12 शयनयान, 6 सामान्य, 4 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और 2 एसएलआर, कुल 24 आईसीएफ कोच रहेंगे।
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की वास्तविक स्थिति, समय और परिचालन संबंधी जानकारी जांचने की अपील की है। इसके लिए यात्री रेलवन, रेलवे पूछताछ सेवा 139 या एनटीईएस से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।