August 15, 2026

गाले: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी टेस्ट मैच के शुरुआती दिन दमदार प्रदर्शन किया। टीम इंडिया ने शनिवार को बारिश से प्रभावित पहले दिन की समाप्ति तक 73 ओवरों का सामना करते हुए 2 विकेट गंवाकर 288 रन बना लिए हैं।मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम को सलामी जोड़ी के रूप में यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने संभली हुई शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 11 ओवरों में 47 रन जुटाए।
जायसवाल (32) रन आउट हुए, जिसके बाद केएल राहुल ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 150 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। तीसरे सेशन की शुरुआत में केएल राहुल मांसपेशियों में ऐंठन के कारण बल्लेबाजी नहीं कर सके। उन्हें पैरों में तकलीफ के कारण दर्द से कराहते और लंगड़ाते हुए देखा गया, जिसके बाद वह आगे अपना खेल जारी नहीं रख सके।
केएल राहुल 162 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 77 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। राहुल जब वापस लौट रहे थे, तो उन्हें ड्रेसिंग रूम की सीढ़ियां चढ़ने में संघर्ष करना पड़ा। वह आगे के इलाज के लिए विजिटर्स ड्रेसिंग रूम तक पहुंचने के लिए भारतीय टीम के फिजियो कमलेश जैन से मदद लेते नजर आए। कप्तान शुभमन गिल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, जिन्होंने पड्डिकल के साथ 39 रन जोड़े। गिल इस पारी में 2 चौकों के साथ 16 रन ही जुटा सके। टीम इंडिया को 236 के स्कोर पर कप्तान के रूप में दूसरा झटका लगा था।
भारत ने 63 ओवरों के खेल तक 2 विकेट गंवाकर 239 रन बना लिए थे, जिसके बाद बारिश के कारण खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू हुआ, तो देवदत्त पड्डिकल ने ऋषभ पंत के साथ 67 गेंदों में 52 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम इंडिया को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। फिलहाल पड्डिकल 178 गेंदों में 131 रन बनाकर नाबाद हैं। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 12 चौके शामिल हैं, जबकि पंत ने 36 गेंदों में 1 छक्के और 3 चौकों के साथ 27 रन जोड़ लिए हैं। श्रीलंका की तरफ से एकमात्र सफलता प्रभात जयसूर्या ने हासिल की, जिन्होंने 24 ओवरों में 77 रन देकर 1 विकेट निकाला है।
दोनों टीमें:
भारत : यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका : लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चांदीमल, कामिंदू मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशर नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।