Aug 19, 2026 11:04 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
Emraan Hashmi Awarapan 2: बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी ने अपने करियर का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बना डाला है। उन्होंने ये कमाल ‘आवारापन 2’ से कर दिखाया है।

इमरान हाशमी की फिल्म आवारापन 2 ने रचा इतिहास
इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ ने वो कर डाला है जो एक्टर की बाकी फिल्में कभी नहीं कर पाईं। दरअसल, एक्टर को हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में आए 23 साल हो गए हैं। हालांकि, उनकी किसी भी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं किया है। ‘आवारापन 2’ एक्टर के करियर की पहली फिल्म है जिसने 100 करोड़ रुपये के क्लब में अपनी जगह बनाई है।
‘आवारापन 2’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
‘आवारापन 2’ ने ओपनिंग डे पर 22 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल आया और इसने 33.75 करोड़ रुपये कमाए। तीसरे दिन कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली और फिल्म ने 26 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद चौथे दिन ‘आवारापन 2’ ने 9.25 करोड़ रुपये, जबकि पांचवें दिन 9.75 करोड़ रुपये की कमाई की। इन आंकड़ों के साथ फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अब तक 100.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है।
इमरान हाशमी की अन्य फिल्मों का कलेक्शन
‘आवारापन 2’ से पहले इमरान हाशमी की ‘द डर्टी पिक्चर’, ‘बादशाहो’, ‘राज 3’, ‘वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई’ और ‘मर्डर 2’ उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल थीं। हालांकि, इनमें से कोई भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार नहीं कर पाई थी।
द डर्टी पिक्चर - 80 करोड़ रुपये
बादशाहो - 78.1 करोड़ रुपये
राज 3 - 70.07 करोड़ रुपये
वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई - 55.47 करोड़ रुपये
मर्डर 2 - 47.90 करोड़ रुपये
इस तरह ‘आवारापन 2’ ने इमरान हाशमी के 23 साल लंबे फिल्मी करियर में एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।
नोट: ये सारा डेटा Sacnilk और बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट से लिया गया है।
कैसी है ‘आवारापन 2’?
‘आवारापन 2’ को लाइव हिन्दुस्तान ने 3 स्टार्स दिए हैं। ‘आवारापन 2’ के गाने मजेदार हैं और नॉस्टैल्जिक फीलिंग भी है। हालांकि, ‘आवारापन 2’ की कहानी उतनी दमदार नहीं है। यही कारण है कि इसे 5 में से 3 स्टार्स दिए हैं। जब से फिल्म आई है तीन लोग - इमरान हाशमी, वामिका गब्बी के भाई पूरन गब्बी और परेश रावल के बेटे अनिरुद्ध रावल, सुर्खियों में आ गए हैं।
