September 18, 2026

आज ‘छात्रों की गूंज’ में भीड़ कैसे संभलेगी: 2 लाख स्टूडेंट्स के रजिस्ट्रेशन का दावा, मैदान में 20 हजार की ही जगह; भगदड़ हुई तो क्या होगा? - Madhya Pradesh News

कांग्रेस का 2 लाख रजिस्ट्रेशन का दावा और मैदान में जगह करीब 20 हजार की। 19 सितंबर यानी आज इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के सामने सबसे बड़ा सवाल भीड़ का है। पुलिस ने 31 शर्तें लगाई हैं। 1500 वॉलंटियर्स, 14 गेट, 40 CCTV से लेकर इ

.

लेकिन अगर दावा की गई भीड़ सच में पहुंची तो इतने लोग मैदान में समाएंगे कैसे, और कुछ गड़बड़ हुई तो बाहर निकलेंगे कैसे; डिकोड करेंगे मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर में…

सवाल 1: दो लाख रजिस्ट्रेशन और मैदान की क्षमता का गणित मेल क्यों नहीं खाता?

जवाब- इंदौर विकास प्राधिकरण ने कार्यक्रम के लिए करीब 12 हजार वर्गमीटर जमीन दी है, लेकिन पूरी जमीन भीड़ के लिए इस्तेमाल नहीं होगी।

  • मंच के सामने 25-30 फीट का डी-एरिया खाली रखना है, सेक्टरों के बीच 6 मीटर चौड़े रास्ते और आपातकालीन गलियारे भी खाली रहेंगे। इन्हें छोड़ने के बाद भीड़ के लिए असल में करीब 9-10 हजार वर्गमीटर जगह ही बचती है।
  • भीड़ में जगह नापने का एक तय मानक है। अमेरिकी शोधकर्ता जॉन जे. फ्रुइन ने 1971 में 'लेवल ऑफ सर्विस' नाम से एक पैमाना बनाया था, जिसके मुताबिक जैसे-जैसे एक जगह पर लोगों का घनत्व बढ़ता है, हर व्यक्ति के पास चलने और निकलने की जगह उतनी ही कम होती जाती है। करीब 4-5 व्यक्ति प्रति वर्गमीटर से ऊपर घनत्व पहुंचने पर आवाजाही और सुरक्षित निकासी मुश्किल होने लगती है- यानी एक वर्गमीटर (करीब 10.76 वर्गफीट) में सिर्फ 4 लोग खड़े हों, तो हर व्यक्ति के हिस्से में महज 2.7 वर्गफीट जगह आती है।
  • इसी पैमाने से इंदौर के मैदान को देखें, तो भीड़ के लिए बची 10 हजार वर्गमीटर जगह को सबसे घनी हालत (4 व्यक्ति प्रति वर्गमीटर) में भी भरा जाए, तो ज्यादा से ज्यादा 40 हजार लोग समाएंगे।
  • लेकिन कांग्रेस का दावा करीब 2 लाख रजिस्ट्रेशन का है। इतने लोगों को इसी जगह में खड़ा करने पर हर व्यक्ति के हिस्से में सिर्फ करीब 0.538 वर्गफीट जगह बचेगी, यानी एक कुर्सी की सीट से भी कम।

सवाल 2: आज के कार्यक्रम के लिए पुलिस का प्लान क्या है?

जवाब- पूरी भीड़ को ज्यादा से ज्यादा 2 हजार लोगों की क्षमता वाले अलग-अलग सेक्टरों में बांटा जाएगा।

  • हर सेक्टर का अपना रंग, नंबर और प्रभारी होगा, और हर 500 मीटर पर कम से कम एक वॉलंटियर तैनात रहेगा- कुल 1500 वॉलंटियर्स, जिनका काम भीड़ को सही सेक्टर तक पहुंचाना और किसी भी गड़बड़ी की जानकारी फौरन देना होगा।
  • एंट्री के लिए 6 और एग्जिट के लिए 8 अलग गेट बनाए जा रहे हैं, ताकि भीड़ एक ही रास्ते से अंदर-बाहर न हो। हर गेट पर करीब 20 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर और 30-40 हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। एंट्री QR कोड से होगी, और युवक-युवतियों के लिए रास्ते और बैठने की जगह भी अलग रखी गई है।

सवाल 3: अगर भगदड़ या बारिश जैसी स्थिति बनी, तो इमरजेंसी में क्या होगा?

जवाब- मैदान की स्वीकृत क्षमता भरते ही पुलिस को आगे की एंट्री रोकने का अधिकार रहेगा।

अगर अंदर हालात बिगड़ते हैं, तो सेक्टर-वाइज योजना के तहत 12 मिनट में पूरा मैदान खाली कराना होगा। वहीं कार्यक्रम खत्म होने पर भी भीड़ को एक साथ नहीं, बल्कि सेक्टर-दर-सेक्टर बाहर भेजा जाएगा।

मेडिकल इंतजाम भी तय हैं

  • मौके पर 2 डॉक्टर, 4 पैरामेडिक और 4 एंबुलेंस रहेंगी, जिनमें एक एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस शामिल है, और नजदीकी अस्पताल में इमरजेंसी बेड के लिए पहले से लिखित टाई-अप भी करना होगा।
  • खुले मैदान में सांप निकलने की आशंका को देखते हुए दो प्रशिक्षित सर्प-पकड़ दल और एंटी-वेनम इंजेक्शन भी मौके पर रखने होंगे। हर 500 लोगों पर एक जल-बिंदु और हर 250 लोगों पर एक मोबाइल शौचालय रखा जाएगा, और बारिश को देखते हुए पंडाल जलरोधी और वायरिंग वाटरप्रूफ रखने की शर्त है।
  • हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 19 सितंबर को इंदौर में बारिश की संभावना फिलहाल सिर्फ 20% है और तापमान 22-28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। खराब मौसम या किसी अन्य आपात स्थिति में कार्यक्रम को रोकने, छोटा करने या टालने का अंतिम फैसला आयोजकों का नहीं, पुलिस और जिला प्रशासन का होगा।

ग्राफिक के जरिए समझिए ‘क्राउड कंट्रोल & मैनेजमेंट’ कैसे होगा

सवाल 4: 31 शर्तें सिर्फ भगदड़ रोकने के लिए हैं, या खतरे और भी हैं?

जवाब- पुलिस की 31 शर्तों को तीन हिस्सों में समझा जा सकता है।

⇒ पहला- भगदड़ रोकने की तैयारी, जिसके लिए सेक्टर प्लान, बैरिकेडिंग, इमरजेंसी कॉरिडोर और मंच के सामने खाली डी-एरिया जरूरी है।

⇒ दूसरा- सुरक्षा का इंतजाम, जिसमें बम निरोधक दस्ता, स्निफर डॉग, और 40 CCTV की लाइव फीड सीधे पुलिस कंट्रोल रूम तक भेजने की व्यवस्था शामिल है- कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी।

⇒ तीसरा- जिम्मेदारी तय करना, जिसके तहत मंच पर बैठने वाले हर व्यक्ति का नाम, पता और फोटो आईडी 24 घंटे पहले पुलिस को देनी होगी, और आयोजकों को भीड़ की संख्या का शपथ-पत्र देना होगा।

सवाल 5: आज राहुल के ‘छात्रों की गूंज’ में होगा क्या?

जवाब- इंदौर से पहले 'छात्रों की गूंज' कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में हो चुका है, और चारों जगह कार्यक्रम का ढांचा लगभग एक जैसा रहा।

  • कॉलेजों-हॉस्टलों में जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए गए, क्रिकेट लीग और मेहंदी जैसे कार्यक्रमों से भी युवाओं को जोड़ा गया। छात्रसंघ एनएसयूआई ने एबीवीपी को भी न्योता भेजा, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को छात्रों वाले हिस्से में प्रवेश नहीं दिया गया- हालांकि मंच के पास 250 सीटें वरिष्ठ नेताओं के लिए अलग रखी गई हैं।
  • शुरुआत हर बार सांस्कृतिक प्रस्तुति से होती है, इसके बाद राहुल गांधी छात्रों से सीधे बातचीत करते हैं- कोटा में उन्होंने एक छात्रा के सुसाइड नोट का जिक्र किया था और एक छात्र से पूछा था कि उसने नीट क्यों चुना। यानी छात्रों की व्यक्तिगत कहानियां भी बातचीत का हिस्सा रही हैं, हालांकि कुछ छात्रों ने बाद में कार्यक्रम में राजनीतिक चर्चा होने की बात भी कही।
  • मुद्दे भी हर शहर की पहचान से जुड़े रहे- कोटा में पेपर लीक, देहरादून में यूनिवर्सिटीज की स्वायत्तता, प्रयागराज में बेरोजगारी, पुणे में छात्राओं से जुड़े सवाल। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि कांग्रेस मध्य प्रदेश को व्यापमं और पटवारी भर्ती घोटाले जैसे मामलों से जोड़ती रही है, इसलिए राहुल इन्हीं स्थानीय मुद्दों को छू सकते हैं।
  • एक और पैटर्न भी हर बार दोहराया गया है- आयोजन को लेकर विवाद। देहरादून में मैदान की अनुमति ऐन वक्त पर रद्द हुई थी, प्रयागराज में ट्रस्ट ने अनुमति वापस ले ली थी, और कोटा में पोस्टर-होर्डिंग हटाए गए थे। इंदौर में भी पहले नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं मिली और कार्यक्रम की तारीख बदलनी पड़ी- इसके बाद ही वैकल्पिक मैदान तय हुआ और सुरक्षा की शर्तें और बढ़ा दी गईं।
वीजुअल शुक्रवार दोपहर का है। रीजनल पार्क के सामने स्थित IDA ग्राउंड में कार्यक्रम में होगा।

वीजुअल शुक्रवार दोपहर का है। रीजनल पार्क के सामने स्थित IDA ग्राउंड में कार्यक्रम में होगा।

मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर का ये एपिसोड भी पढ़िए… राहुल के ‘छात्रों की गूंज’ की काट नवीन-भागवत का कार्यक्रम?, संयोग है या सोची-समझी रणनीति

19 सितंबर को राहुल गांधी इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ करने वाले हैं। इससे ठीक पहले भाजपा-संघ ने नितिन नवीन और मोहन भागवत के कार्यक्रम सामने रख दिए हैं। राहुल के कार्यक्रम के लिए कांग्रेस के मुताबिक 2 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। नवीन पहली बार मध्य प्रदेश आ रहे हैं। RSS प्रमुख भागवत उज्जैन में 18 सितंबर को ‘युवा धर्म संसद’ में युवाओं को संबोधित करेंगे… पूरा एक्सप्लेनर पढ़िए।