August 16, 2026

रोहतक में डेरे के ₹14 करोड़ को लेकर विवाद गहराया: छात्र नेता ने कांता आलड़िया पर लगाए आरोप; 2 दिन का दिया अल्टीमेटम - Rohtak News

रोहतक में बाबा मस्तनाथ मठ के साथ औघड़ पीर मठ के महंत रमेश नाथ के अकाउंट व लॉकर से करीब 14-15 करोड़ रुपए का हेरफेर करने के मामले में मिशन एकता पार्टी की अध्यक्ष कांता आलड़िया को छात्र नेता विक्रम डूमोलिया व समाजसेवी मंजीत मोखरा ने दो दिन का अल्टीमेटम दिय

.

डॉ. अम्बेडकर मिशनरीज विद्यार्थी एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम डूमोलिया ने कहा कि डेरे पर धारा 145 लगी हुई थी, जिसे हटवाने के नाम पर कांता आलड़िया ने महंत रमेश नाथ के खाते से 9 करोड़ 24 लाख रुपए निकाले हुए है। इसकी ट्रांजेक्शन बिहार की एक कंपनी में कर रखी है। वहीं, खाते से 4 करोड़ रुपए निकाले गए है। जबकि बैंक लॉकर से करोड़ों रुपए के सोने-चांदी के जेवर निकाले गए।

पत्रकारों को दस्तावेज दिखाते हुए मंजीत मोखरा व विक्रम डूमोलिया।

पत्रकारों को दस्तावेज दिखाते हुए मंजीत मोखरा व विक्रम डूमोलिया।

बोले- पंचायत में 'हां' भरने के बाद मुकरी कांता

विक्रम डूमोलिया ने कहा कि रमेश नाथ के डेरे से रुपए निकालने के मामले में पंचायत हुई थी, जिसमें कांता आलड़िया ने स्वीकार किया कि पैसे ट्रांसफर हुए है। वह पैसे देने के लिए हां भरकर गईं, लेकिन बाद में महंत रमेशनाथ पर ही गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए।

डेरे की गाड़ी का 5 साल तक किया प्रयोग

विक्रम डूमोलिया ने कहा कि डेरे की फॉर्च्युनर गाड़ी को पिछले 5 साल से कांता आलड़िया प्रयोग कर रही हैं। जब गाड़ी को वापस मांगा तो महंत के ऊपर गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए। कांता आलड़िया ने गाड़ी के 32 चालान भी कटवा रखे हैं, जिसमें से 10 चालान अभी भरे हैं।

कोर्ट में किसी का अपहरण का प्रयास नहीं किया

विक्रम डूमोलिया ने कहा कि कोर्ट में कांता आलड़िया वकील के पास गई थी, वह भी अपने वकील से मिलने गए थे। इस दौरान वकील के माध्यम से ही कांता के वकील से बात हुई। वकील की सहमति के बाद कांता आलड़िया से मिलने केवल दो लोग ही गए और वकील से बात करके वापस आ गए। जो अपहरण करने की झूठी शिकायत थाने में दी गई, उसको लेकर भी केस करेंगे।

पत्रकारों को दस्तावेज दिखाते हुए मंजीत मोखरा व विक्रम डूमोलिया।

पत्रकारों को दस्तावेज दिखाते हुए मंजीत मोखरा व विक्रम डूमोलिया।

डेरे की प्रॉपर्टी की कांता बनी हुई थी नॉमिनी

विक्रम डूमोलिया ने कहा कि कांता आलड़िया ने फर्जी कागज तैयार करवाकर खुद को डेरे की नोमिनी बनाया हुआ था। जब इसके बारे में महंत रमेश नाथ को पता चला तो उन्होंने वकील से बात की और कांता आलड़िया को नॉमिनी से हटाया। इस मामले में भी फ्रॉड का केस कांता आलड़िया पर किया जाएगा।

महंत का फोन लेकर गायब की राशि

विक्रम डूमोलिया ने कहा कि महंत को फोन चलाना नहीं आता। महंत का फोन लेकर कांता आलड़िया ने यूपीआई के माध्यम से पैसे निकाले, जिसके सारे सबूत उनके पास है। कांता ने डेरे के पैसों से अपनी बेटी को विदेश भेजा और बिहार में काम शुरू किया। कांता आलड़िया को 2 दिन का समय दिया। अगर 2 दिन में पैसों का ब्यौरा नहीं दिया तो बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

2021 में दर्ज करवाई FIR, अपहरण का किया प्रयास

वहीं, इस मामले में कांता आलड़िया ने कहा कि 16 सितंबर 2021 को उनके ऊपर केस दर्ज करवा रखा है, जिसमें जमीन बेचने, पैसे हड़पने जैसे आरोप लगाए हैं। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। पिछले दिनों वह कोर्ट में तारीख पर गई थी, जहां उसके अपहरण का प्रयास किया गया। इस मामले में आर्य नगर थाने में शिकायत दी गई है। जो आरोप उसके ऊपर लगा रहे हैं, उनके सबूत भी दिखाने चाहिए।