विदिशा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए गए 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान का आज समापन हो गया। 15 जुलाई से 30 जुलाई तक चले इस 15 दिवसीय अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 568 जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
.
पुलिस के अनुसार, इन कार्यक्रमों के माध्यम से 2 लाख से अधिक लोगों तक प्रत्यक्ष रूप से नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया गया, जबकि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए 21 लाख से अधिक लोगों तक अभियान की पहुँच रही।

कार्यक्रम में छोटे बच्चों ने भी सहभागिता की।

महिला पुलिसकर्मी को प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित करते हुए।

शील्ड भेंट करते विधायक।

सहभागिता करने वाली महिला कर्मी का सम्मान।
अभियान के तहत पुलिस ने केवल शहरी क्षेत्रों में ही नहीं, बल्कि गाँवों तक पहुँचकर जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित कीं। इनमें स्कूल-कॉलेज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, मंदिर, हाट-बाजार और शासकीय कार्यालयों जैसे स्थान शामिल थे। इन जगहों पर चौपाल, रैली, मानव श्रृंखला, मैराथन, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, चित्रकला, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। सोशल मीडिया पर वीडियो, रील्स और प्रेरक कहानियों के माध्यम से भी लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
समापन समारोह में 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' अभियान पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया। वात्सल्य स्कूल के बैंड ने अभियान गीत प्रस्तुत किया, वहीं ओलम्पस स्कूल के विद्यार्थियों ने म्यूट एक्ट और साकेत एमजीएम स्कूल के छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
समारोह में विधायक मुकेश टंडन, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, डीआईजी राजेश सिंह चंदेल और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी सहित कई जनप्रतिनिधि, पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने इस अवसर पर कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। इसमें परिवार, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
समापन समारोह में अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, नगर रक्षा समिति, ब्रह्माकुमारी संस्था, गायत्री परिवार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, विद्यार्थियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान मई माह में CCTNS प्रणाली में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने वाले थाना प्रभारियों और CCTNS ऑपरेटरों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

नशे से दूरी बनाए रखने नाटक का मंचन किया गया।