August 3, 2026

कौन है नील पटेल? भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की इस टीम में मिला मौका, खेलेंगे ये 2 क्रिकेट सीरीज

कौन है नील पटेल? भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया की इस टीम में मिला मौका, खेलेंगे ये 2 क्रिकेट सीरीज

ऑस्ट्रेलिया की U19 टीम में नील पटेल (Photo: CRICKET AUSTRALIA)

Australia U19 men’s squad for India tour: ऑस्ट्रेलिया ने भारत का दौरा करने वाली U19 टीम का ऐलान कर दिया है. टीम में कुल 16 खिलाड़ियों को जगह मिली है, जिसमें से एक भारतीय मूल के नील पटेल भी हैं. ऑस्ट्रेलिया की अंडर 19 टीम 4 हफ्तों के लिए भारत दौरे पर आने वाली है. इस दौरे पर क्रिकेट के दो अलग फॉर्मेट- वनडे और टेस्ट- की सीरीज खेली जाएगी. नील पटेल को उन दोनों सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की अंडर 19 टीम में चुना गया है. नील पटेल को ये मौका उनकी बल्लेबाजी की काबलियत को देखते हुए दिया गया है. अब सवाल है कि नील पटेल हैं कौन?

कौन हैं नील पटेल?

नील पटेल, भारतीय मूल के उभरते ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज हैं, जिनका कनेक्शन गुजरात से है. नील पटेल की बैटिंग की बात करें तो वो एक ओपनर हैं. वहीं गेंदबाजी में ऑफ स्पिन कराते हैं. क्रीज पर दिखाई अपनी कंसिस्टेंसी और मैच्योरिटी की बदौलत उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जूनियर क्रिकेट में एक अलग छाप छोड़ी है. यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स क्लब का प्रतिनिधित्व करने वाले नील पटेल 16 साल की उम्र में पहली बार सुर्खियों में तब छाए थे, जब उन्होंने सिडनी प्रीमियर क्रिकेट फर्स्ट ग्रेड के इतिहास में एक कैलेंडर ईयर के दौरान 1000 से ज्यादा रन मारे थे. उस दमदार प्रदर्शन के बाद नील पटेल को एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया की अंडर 19 मेंस टैलेंट कैंप के लिए चुना गया था.

नील पटेल में क्या है खास?

नील पटेल की सबसे अच्छी बात है उनके सीखते रहने की आदत. उनका मानना है कि सुधार की गुंजाइश हमेशा होती है. यही वजह है कि वो अपनी हर इनिंग को कोच से डिस्कस करते हैं. उस पर उनकी सलाह लेकर, उसे अमल में लाते हैं. उन्हें अपनी हर इनिंग्स की नोट भी तैयार करने की आदत है. क्रिकेट के अलावा नील पटेल को खाना बनाना और अपने पिता के साथ चेस खेलना भी पसंद है.

जहां से परिवार का नाता, उस देश में सीरीज खेलेंगे नील पटेल

नील पटेल को ऑस्ट्रेलिया की U19 टीम में इसीलिए चुना गया है क्योंकि वो वहां के उभरते हुए एक ऐसे खिलाड़ी है, जो बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी अहम योगदान दे सकते हैं. उनके सामने अब उस देश में खेलने और बेहतर प्रदर्शन की चुनौती होगी, जो उनके परिवार की जन्मभूमि रहा है. आइए एक नजर डालते हैं भारत दौरे के लिए चुनी ऑस्ट्रेलिया की U19 टीम पर.

केसी बार्टन, हेडेन बार्बुलोविक, ईली ब्रेन, विल बायरोम, ब्लेक केटल, जैक जोसनेक, स्पेंसर ग्रीन, कोनोर ग्रेगोरी, चार्ली हेंडरसन, जेड होलिक, मैथ्यू लॉग, नील पटेल, जैक पिट्ज, पैट्रिक सुलिवान, थियो सिंगोस, थॉमस वासेयो

ऑस्ट्रेलिया U19 का भारत दौरा

ऑस्ट्रेलिया की अंडर 19 टीम को भारत दौरे पर पहले 3 वनडे की सीरीज खेलनी है, जिसके मुकाबले 18, 21 और 23 सितंबर को खेले जाएंगे. वहीं टेस्ट सीरीज के 2 मुकाबलों की शुरुआत 27 सितंबर और 5 अक्टूबर से होंगे.

साकेत शर्मा

साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More

google button